आईपीएल 2026 अभिषेक शर्मा-ट्रेविस हेड की जोड़ी का कमाल, इस मामले में संयुक्त रूप से 'नंबर-1'

आईपीएल 2026 अभिषेक शर्मा-ट्रेविस हेड की जोड़ी का कमाल, इस मामले में संयुक्त रूप से नंबर-1
अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की सलामी जोड़ी के रूप में दोनों खिलाड़ियों ने बुधवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ पहले विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी की। यह आईपीएल में ओपनिंग विकेट के लिए सबसे ज्यादा बार शतकीय साझेदारी करने वाली संयुक्त रूप से 'नंबर-1' जोड़ी बन गई है।

मुंबई, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की सलामी जोड़ी के रूप में दोनों खिलाड़ियों ने बुधवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ पहले विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी की। यह आईपीएल में ओपनिंग विकेट के लिए सबसे ज्यादा बार शतकीय साझेदारी करने वाली संयुक्त रूप से 'नंबर-1' जोड़ी बन गई है।

अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने आईपीएल इतिहास में पहले विकेट के लिए 6 बार शतकीय साझेदारी की हैं। इस मामले में उन्होंने डेविड वॉर्नर और शिखर धवन की बराबरी कर ली है। इस लिस्ट में डेविड वॉर्नर-जॉनी बेयरस्टो, फाफ डु प्लेसिस-विराट कोहली और शुभमन गिल-साई सुदर्शन को जोड़ी संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर है, जिन्होंने 5-5 बार ऐसा किया।

बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में 244 रनों के विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी इस सलामी जोड़ी ने पावरप्ले में अटूट साझेदारी करते हुए 92 रन बनाए। यह सनराइजर्स हैदराबाद का आईपीएल मैच के दौरान शुरुआती 1-6 ओवरों के बीच पांचवां सबसे बड़ा स्कोर रहा। एसआरएच आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध पावरप्ले में 125/0 का स्कोर बना चुकी है, जो इस लिस्ट में सबसे बड़ा स्कोर है।

इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट खोकर 243 रन बनाए। इस टीम को विल जैक्स और रयान रिकेल्टन की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 7.1 ओवरों में 93 रन जोड़े।

जैक्स 22 गेंदों में 46 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि रिकेल्टन ने 55 गेंदों में 8 छक्कों और 10 चौकों के साथ 123 रन की नाबाद पारी खेली। इनके अलावा, कप्तान हार्दिक पांड्या ने 31 रन, जबकि नमन धीर ने 22 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से प्रफुल हिंगे ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले।

इसके जवाब में एसआरएच ने 18.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम के लिए अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में 45 रन की पारी खेली, जबकि ट्रेविस हेड ने 30 गेंदों में 8 छक्कों और 4 चौकों के साथ 76 रन बनाए। इनके अलावा, हेनरिक क्लासेन ने 30 गेंदों में नाबाद 65 रन की पारी खेली। सलिल अरोड़ा ने 10 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ नाबाद 30 रन बनाए। एसआरएच ने मैच 6 विकेट से अपने नाम किया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 April 2026 11:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story