आईपीएल 2026 अभियान की शुरुआत से पहले दिल्ली कैपिटल्स को झटका, नहीं खेलेंगे बेन डकेट
नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत से पहले दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को झटका लगा है। विकेटकीपर-बल्लेबाज बेन डकेट ने आगामी सीजन में नहीं खेलने का फैसला किया है। डकेट का फोकस राष्ट्रीय टीम में खेलने पर है।
इस फैसले के चलते, डकेट अगले दो प्लेयर ऑक्शन में अपना नाम नहीं दे पाएंगे। इसका मतलब है कि वह आईपीएल 2027 और 2028 में नहीं खेल सकेंगे।
डकेट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, "मैंने आईपीएल से हटने का बेहद मुश्किल फैसला लिया है। मैंने इस बारे में काफी सोचा है। यह आसान निर्णय नहीं था। इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करना मेरा बचपन से सपना रहा है। मैं इंग्लिश क्रिकेट को अपना सब कुछ देना चाहता हूं। ऐसा करने के लिए, मुझे यह सुनिश्चित करना होगा कि गर्मियों से पहले मैं शारीरिक और मानसिक रूप से अपनी सबसे अच्छी स्थिति में रहूं।"
डकेट ने कहा, "मैं दिल्ली में मौजूद सभी लोगों से तहे दिल से माफी मांगना चाहूंगा। मैं सचमुच इस फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व करने के अवसर को लेकर बहुत उत्साहित था। मैं पूरी तरह समझता हूं कि एक टीम बनाने में कितना समय और योजना लगती है। मेरे इस फैसले से होने वाली किसी भी तरह की परेशानी के लिए मैं माफी चाहता हूं। मैं सभी प्रशंसकों से भी माफी मांगना चाहूंगा, क्योंकि मैं जानता हूं कि दिल्ली में हर किसी के लिए यह कितना मायने रखता है।"
दिल्ली कैपिटल्स ने बेन डकेट को 2 करोड़ रुपए में साइन किया था। टीम के पास श्रीलंका के पथुम निसांका के रूप में एक विदेशी ओपनिंग विकल्प भी मौजूद है।
बेन डकेट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 43 टेस्ट मुकाबलों में 6 शतक और 16 अर्धशतक के साथ 3,555 रन बना चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने 34 वनडे मुकाबलों में 3 शतक और 9 अर्धशतक के साथ 1,345 रन बनाए हैं। 21 टी20 मुकाबलों में डकेट 527 रन जुटा चुके हैं। दाएं हाथ का यह खिलाड़ी बिग बैश लीग के साथ पाकिस्तान सुपर लीग में भी नजर आ चुका है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 March 2026 7:39 PM IST












