आईपीएल 2026 बतौर कप्तान ईशान किशन की तूफानी पारी, डेब्यू मैच में बनाया रिकॉर्ड

बेंगलुरु, 28 मार्च (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला शनिवार को एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 80 रनों की दमदार पारी खेली। ईशान बतौर कप्तान डेब्यू करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
ईशान ने मनीष पांडे के रिकॉर्ड को तोड़ा है। मनीष ने सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से कप्तान के तौर पर अपने डेब्यू मुकाबले में साल 2021 में 41 गेंदों पर 69 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं, डेविड वॉर्नर ने 2015 में 42 गेंदों में 53 रन बनाए थे। हालांकि, ईशान इन दोनों ही बल्लेबाजों से आगे निकल गए हैं। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे ईशान ने 210 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 80 रनों की अपनी पारी में 8 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड के सस्ते में पवेलियन लौटने के बाद ईशान ने एसआरएच की लड़खड़ाती हुई पारी को बखूबी अंदाज में संभाला।
ईशान ने हेनरिक क्लासन के साथ मिलकर 97 रनों की अहम साझेदारी निभाई। बाएं हाथ के बल्लेबाज के आगे आरसीबी का गेंदबाजी अटैक पूरी तरह से बेबस नजर आया। ईशान ने आईपीएल में 3 हजार रन भी पूरे कर लिए हैं। गेंदों के लिहाज से ईशान सबसे तेज 3 हजार रन पूरे करने वाले छठे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में केएल राहुल को पीछे छोड़ दिया है। राहुल ने आईपीएल में 3 हजार रन 2203 गेंदों में पूरे किए थे। वहीं, ईशान ने यह मुकाम 2,180 गेंदें खेलने के बाद पूरा किया है। ईशान के अलावा क्लासन ने 22 गेंदों में 31 रनों की पारी खेली।
हालांकि, अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड का बल्ला आईपीएल 2026 के पहले मैच में पूरी तरह से खामोश रहा। अभिषेक संघर्ष करते हुए नजर आए और वह 8 गेंदों में 7 रन ही बना सके। वहीं, हेड 9 गेंदों का सामना करने के बाद 11 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी ने भी अपने प्रदर्शन से निराश किया और वह एक रन ही बना सके। अंतिम ओवरों में अनिकेत वर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 18 गेंदों में 43 रनों की दमदार पारी खेली, जिसके दम पर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 201 रन लगाने में सफल रही।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 9:42 PM IST












