आईपीएल 2026 कूपर कोनोली की तूफानी पारी, जीत के साथ पंजाब किंग्स के अभियान की शुरुआत

आईपीएल 2026 कूपर कोनोली की तूफानी पारी, जीत के साथ पंजाब किंग्स के अभियान की शुरुआत
पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमीयर लीग (आईपीएल) 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। इस टीम ने मंगलवार को मुल्लांपुर के महाराजा यादविन्द्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस के विरुद्ध 3 विकेट से जीत हासिल की। किंग्स की तरफ से कूपर कोनोली ने 44 गेंदों में नाबाद 72 रन की तूफानी पारी खेली।

न्यू चंडीगढ़, 31 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमीयर लीग (आईपीएल) 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। इस टीम ने मंगलवार को मुल्लांपुर के महाराजा यादविन्द्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस के विरुद्ध 3 विकेट से जीत हासिल की। किंग्स की तरफ से कूपर कोनोली ने 44 गेंदों में नाबाद 72 रन की तूफानी पारी खेली।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस ने 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए। साई सुदर्शन ने कप्तान शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 3.4 ओवरों में 37 रन की साझेदारी की। सुदर्शन 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद गिल ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 46 रन जुटाकर टीम को मजबूती प्रदान की।

गिल 27 गेंदों में 6 चौकों के साथ 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से जोस बटलर ने ग्लेन फिलिप्स के साथ 36 रन जोड़कर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। बटलर 38 रन और फिलिप्स 25 रन बनाकर आउट हुए। इनके अलावा, वाशिंगटन सुंदर ने 18 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

विपक्षी खेमे से विजयकुमार वैशाक ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि युजवेंद्र चहल ने 2 विकेट निकाले। 1 विकेट मार्को जानसेन ने अपने नाम किया।

इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने 19.1 ओवरों में जीत हासिल कर ली। इस टीम ने 7 के स्कोर पर प्रियांश आर्य (7) का विकेट खो दिया था। यहां से कूपर कोनोली ने प्रभसिमरन सिंह के साथ दूसरे विकेट के लिए 49 गेंदों में 76 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 83 के स्कोर तक पहुंचाया।

प्रभसिमरन 24 गेंदों में 4 छक्कों और 1 चौके के साथ 37 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कोनोली ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर (18) के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 रन जुटाए। इसके बाद दूसरे छोर पर विकेट निरंतर अंतराल पर गिरते रहे, लेकिन कोनोली ने मोर्चा संभाले रखा।

इस बीच मार्को जानसेन (9) के साथ 26 रन और जैवियर बार्टलेट (नाबाद 11) के साथ 21 रन की साझेदारी भी की। कूपर 44 गेंदों में 5 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 72 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट निकाले। इनके अलावा, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, राशिद खान और वाशिंगटन सुंदर ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   31 March 2026 11:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story