आईपीएल 2026 गुवाहाटी में भिड़ेंगी राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस की टीम, जानें कैसा रहेगा पिच और मौसम का हाल?

नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 13वें मुकाबले में मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की भिड़ंत मुंबई इंडियंस (एमआई) के साथ होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन खेले अब तक दोनों ही मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम को बल्लेबाजी के मुफीद माना जाता है। इस ग्राउंड पर बड़े टोटल बनते हैं और जमकर चौके-छक्के भी लगते हैं। बरसापारा में पहली पारी का औसतन स्कोर 160 रन रहा है, जबकि दूसरी पारी का औसत स्कोर 153 रन है।
राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल में अब तक कुल 31 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से मुंबई इंडियंस ने 16 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि राजस्थान रॉयल्स ने 14 मैच जीते हैं। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, आरआर और एमआई के बीच होने वाले इस मुकाबले में बारिश होने की आशंका काफी कम है, हालांकि मैदान के आसपास बादल छाए रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स ने पिछले मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 6 रनों से हराया था। बल्लेबाजी में यशस्वी जायसवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 36 गेंदों में 55 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे ध्रुव जुरेल ने महज 42 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 75 रन बनाए थे। वैभव सूर्यवंशी ने भी 18 गेंदों में 31 रनों का योगदान दिया था। गेंदबाजी में तुषार देशपांडे ने सिर्फ 24 रन देकर एक विकेट चटकाया था।
तुषार ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में 11 रनों का बचाव करते हुए टीम को शानदार जीत दिलाई थी। जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर ने भी नई गेंद से टीम के लिए बढ़िया काम किया है। वहीं, स्पिन में रवि बिश्नोई का जादू पिछले मुकाबले में खूब चला था। उन्होंने 41 रन देकर 4 विकेट निकाले थे।
दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस को आखिरी मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। एमआई के बल्लेबाज 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 162 रन ही स्कोरबोर्ड पर लगा सके थे। रोहित शर्मा (35) और सूर्यकुमार यादव (51 रन) को छोड़कर बाकी बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे। गेंदबाजी में दीपक चाहर, बुमराह और मिचेल सैंटनर काफी किफायती रहे थे, लेकिन शार्दुल ठाकुर, मयंक मारकंडे और कॉर्बिन बॉश काफी महंगे साबित हुए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 April 2026 6:35 PM IST












