आईपीएल 2026 कर्नाटक सरकार ने केएससीए को दी चिन्नास्वामी स्टेडियम में मेजबानी की इजाजत

आईपीएल 2026  कर्नाटक सरकार ने केएससीए को दी चिन्नास्वामी स्टेडियम में मेजबानी की इजाजत
कर्नाटक सरकार ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) को एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल 2026 के मुकाबलों की मेजबानी करने की आधिकारिक अनुमति दे दी है। इस फैसले के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का पहला मुकाबला आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच 28 मार्च को चिन्नास्वामी के मैदान पर खेला जाएगा।

बेंगलुरु, 16 मार्च (आईएएनएस)। कर्नाटक सरकार ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) को एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल 2026 के मुकाबलों की मेजबानी करने की आधिकारिक अनुमति दे दी है। इस फैसले के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का पहला मुकाबला आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच 28 मार्च को चिन्नास्वामी के मैदान पर खेला जाएगा।

कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ ने सोमवार को अनुमति की आधिकारिक घोषणा की। यह घोषणा केएससीए अधिकारियों, राज्य के गृह मंत्री और उस विशेषज्ञ समिति के बीच हुई बैठक के बाद की गई, जिन्होंने 13 मार्च को स्टेडियम में सुरक्षा उपायों का निरीक्षण और समीक्षा की थी।

कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ ने मीडिया रिलीज में कहा, "हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आज विधान सौध में कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर की अध्यक्षता में विशेषज्ञ समिति और केएससीए, आरसीबी तथा डीएनए के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक हुई। बैठक के दौरान विशेषज्ञ समिति ने अपनी रिपोर्ट पेश की, जिसमें एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में की गई तैयारियों और अनुपालन उपायों की रूपरेखा बताई गई थी। विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करने के बाद गृह मंत्री ने बेंगलुरु के प्रतिष्ठित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आगामी आईपीएल मुकाबलों के आयोजन के लिए औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है।"

कर्नाटक सरकार से मंजूरी मिलने के बाद आरसीबी चिन्नास्वामी स्टेडियम में 5 मुकाबले खेलेगी, जबकि टीम के दो घरेलू मैच रायपुर में होंगे। इस बात की घोषणा पहले ही फ्रेंचाइजी ने कर दी थी।

उल्लेखनीय है कि आरसीबी ने 18 साल का सूखा खत्म करते हुए आईपीएल 2025 के खिताब को अपने नाम किया था। पहली बार ट्रॉफी जीतने के बाद टीम ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में जश्न मनाने के लिए एक खास कार्यक्रम का आयोजन किया था। हालांकि, स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

आईपीएल 2026 के पहले 20 मुकाबलों के कार्यक्रम के अनुसार, आरसीबी सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ने के बाद चिन्नास्वामी के मैदान पर अपना दूसरा मुकाबला 5 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 March 2026 6:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story