आईपीएल 2026 महज 21 साल की उम्र में रघवुंशी का रिकॉर्ड, एक ही सीजन में 5 अर्धशतक

कोलकाता, 16 मई (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। अंगकृष महज 21 साल की उम्र में एक आईपीएल सीजन में सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
शनिवार को 21 साल और 345 दिन की उम्र में रघुवंशी ने गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ महज 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो उनके आईपीएल करियर का 7वां अर्धशतक था।
एक आईपीएल सीजन में 21 साल की उम्र में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में ऋषभ पंत (साल 2018) और यशस्वी जायसवाल (साल 2023) शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 6-6 बार यह कारनामा किया है। वहीं, देवदत्त पड्डिकल ने साल 2022 में पांच बार ऐसा किया था।
अंगकृष रघुवंशी ने इस आईपीएल सीजन के अपने पहले ही मैच में मुंबई इंडियंस के विरुद्ध 51 रन की पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 52 रन बनाए। अंगकृष ने 3 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध दूसरे मैच में भी अर्धशतक (59) लगाया, जिसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 71 रन की पारी खेली।
आईपीएल 2026 के 60वें मुकाबले में केकेआर ने निर्धारित ओवरों में 2 विकेट खोकर 247 रन बनाए। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने फिन एलन के साथ पहले विकेट के लिए 4.3 ओवरों में 44 रन की साझेदारी की। रहाणे 14 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद एलन ने अंगकृष रघुवंशी के साथ दूसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 95 रन जोड़े।
फिन एलन 35 गेंदों में 10 छक्कों और 4 चौकों के साथ 93 रन की पारी खेलकर आउट हुए। यहां से रघुवंशी ने कैमरून ग्रीन के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 108 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 247/2 के स्कोर तक पहुंचाया।
रघुवंशी 44 गेंदों में 7 छक्कों और 4 चौकों के साथ 82 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कैमरून ग्रीन ने 28 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ 52 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से मोहम्मद सिराज और साईं किशोर ने 1-1 सफलता हासिल की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 May 2026 9:44 PM IST
