आईपीएल 2026 मार्श की शतकीय पारी के बाद गेंद से चमके प्रिंस, एलएसजी ने आरसीबी को 9 रनों से हराया

आईपीएल 2026 मार्श की शतकीय पारी के बाद गेंद से चमके प्रिंस, एलएसजी ने आरसीबी को 9 रनों से हराया
आईपीएल 2026 के 50वें मुकाबले मे गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 9 रनों से हराया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में बारिश से प्रभावित मुकाबले में डकवर्थ लुईस नियम के तहत मिले 213 रनों का लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी 19 ओवर में 6 विकेट खोकर 203 रन ही बना सकी। एलएसजी की यह इस सीजन की तीसरी जीत है।

लखनऊ, 8 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 50वें मुकाबले मे गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 9 रनों से हराया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में बारिश से प्रभावित मुकाबले में डकवर्थ लुईस नियम के तहत मिले 213 रनों का लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी 19 ओवर में 6 विकेट खोकर 203 रन ही बना सकी। एलएसजी की यह इस सीजन की तीसरी जीत है।

बारिश के कारण हुए समय की बर्बादी की वजह से ओवरों में कटौती की गई और मुकाबले को 19-19 ओवर का किया गया। एलएसजी से मिले 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जैकब बेथेल सिर्फ 4 रन बनाकर मोहम्मद शमी का शिकार बने। इसके बाद प्रिंस यादव ने बेहतरीन गेंद पर विराट कोहली को 46 पारियों के बाद 'डक' पर पवेलियन भेजा।

हालांकि, दो विकेट 9 रनों के स्कोर पर गिरने के बाद देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 53 गेंदों में 95 रनों की अहम साझेदारी निभाई। पडिक्कल 25 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रजत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 61 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में रजत ने 3 चौके और 6 छक्के लगाए। जितेश शर्मा का निराशाजनक प्रदर्शन इस मुकाबले में भी जारी रहा और वह सिर्फ एक रन ही बना सके।

टिम डेविड ने 17 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। क्रुणाल पांड्या 16 गेंदों में 28 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि रोमरियो शेफर्ड ने 15 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए। हालांकि, क्रुणाल-शेफर्ड की दमदार पारी भी आरसीबी को जीत नहीं दिला सकी। गेंदबाजी में एलएसजी की ओर से प्रिंस यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, शाहबाज अहमद ने दो विकेट अपने नाम किए। मोहम्मद शमी ने एक विकेट निकाला।

इससे पहले, एलएसजी ने 20 ओवर में 3 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 209 रन लगाए। मिचेल मार्श और अर्शिन कुलकर्णी ने पहले विकेट के लिए 9.2 ओवर में 95 रन जोड़े। अर्शिन 17 रन बनाकर आउट हुए। मार्श ने निकोलस पूरन संग मिलकर दूसरे विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी निभाई। पूरन ने 23 गेंदों में 38 रन बनाए। मार्श एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने 49 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।

मार्श ने 56 गेंदों में 9 चौके और 9 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 111 रन बनाए। अंत के ओवरों में कप्तान ऋषभ पंत ने 10 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए। पंत ने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। गेंदबाजी में आरसीबी की तरफ से जोश हेजलवुड, क्रुणाल पांड्या और रसिख सलाम ने एक-एक विकेट चटकाया। आरसीबी को इस सीजन की चौथी हार का सामना करना पड़ा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 May 2026 12:32 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story