आईपीएल 2026 मैच के दौरान 'अश्लील इशारा', आरसीबी के बल्लेबाज टिम डेविड पर जुर्माना

आईपीएल 2026 मैच के दौरान अश्लील इशारा, आरसीबी के बल्लेबाज टिम डेविड पर जुर्माना
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाज टिम डेविड पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के चलते मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही डेविड के खाते में 2 डिमेरिट प्वाइंट्स भी जुड़े हैं।

नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाज टिम डेविड पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के चलते मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही डेविड के खाते में 2 डिमेरिट प्वाइंट्स भी जुड़े हैं।

10 मई को मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ मैच के दौरान यह घटना हुई। यह अनुशासनात्मक कार्रवाई तब शुरू की गई जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के डगआउट से टिम डेविड का मिडिल फिंगर दिखाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

डेविड को आचार संहिता के अनुच्छेद 2.6 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जो ऐसे इशारे का इस्तेमाल करने से संबंधित है जो अश्लील, अपमानजनक या बेइज्जती करने वाला हो।

आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया, "रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ऑलराउंडर टिम डेविड पर उनकी मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आईपीएल की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए उन्हें 2 डिमेरिट प्वाइंट्स भी दिए गए हैं। टिम को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.6 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो 'ऐसे इशारे का इस्तेमाल करने से संबंधित है जो अश्लील, अपमानजनक या बेइज्जती करने वाला हो।' टिम डेविड ने अपनी गलती के साथ मैच रेफरी अमित शर्मा की तरफ से दी गई सजा को स्वीकार कर लिया।"

इस सीजन में यह दूसरी बार है, जब आईपीएल की आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए डेविड पर जुर्माना लगाया गया है। इससे पहले, वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई के खिलाफ आरसीबी के मैच के दौरान अंपायर के निर्देशों का पालन न करने के लिए भी उन पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माने के साथ उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट जुड़ा था।

इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों 2 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। इस हार ने एमआई के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को भी खिताबी रेस से बाहर कर दिया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 May 2026 10:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story