आईपीएल 2026 शुभमन गिल पर लगा 12 लाख का जुर्माना, डीसी के खिलाफ मैच से जुड़ा है मामला

आईपीएल 2026 शुभमन गिल पर लगा 12 लाख का जुर्माना, डीसी के खिलाफ मैच से जुड़ा है मामला
आईपीएल 2026 में बुधवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 1 रन से हरा दिया। जीटी की सीजन की यह पहली जीत थी। इस जीत के बावजूद जीटी के कप्तान शुभमन गिल पर जुर्माना लगाया गया है।

नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में बुधवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 1 रन से हरा दिया। जीटी की सीजन की यह पहली जीत थी। इस जीत के बावजूद जीटी के कप्तान शुभमन गिल पर जुर्माना लगाया गया है।

शुभमन गिल पर धीमी ओवर गति की वजह से 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है। बतौर कप्तान गिल की इस सीजन में यह पहली गलती है।

आईपीएल की तरफ से जारी बयान में कहा गया, "गुजरात टाइटंस (जीटी) के कप्तान शुभमन गिल पर जुर्माना लगाया गया है क्योंकि उनकी टीम ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मैच नंबर 14 के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखी।"

बयान में आगे कहा गया, "यह आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत उनकी टीम का इस सीजन का पहला उल्लंघन था, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, इसलिए गिल पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया। अगर गलती दोहराई गई, तो गिल की सजा दोगुनी हो जाएगी। अगर वह तीसरी बार नियमों के खिलाफ जाते हैं, तो गिल पर एक मैच का बैन लग सकता है।"

इससे पहले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर भी धीमी ओवर गति की वजह से लगातार 2 मैचों में जुर्माना लगाया जा चुका है। श्रेयस पर सीजन के पहले मैच में 12 लाख तो दूसरे मैच में 24 लाख का जुर्माना लगाया गया था।

शुभमन गिल पर लगाया गया जुर्माना जीटी को सीजन में मिली पहली जीत के जश्न को शायद ही फीका करे। गुजरात ने बुधवार को दिल्ली को हाथ से निकल चुके मैच में 1 रन से हराकर बेहद अहम दो अंक प्राप्त किए।

मैच पर नजर डालें तो डीसी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 4 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए थे। जीटी की तरफ से कप्तान शुभमन गिल ने सबसे बड़ी पारी खेली थी। गिल ने 45 गेंदों पर 5 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 70 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा, विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने 27 गेंदों पर 5 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 52 और वाशिंगटन सुंदर ने 32 गेंदों पर 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 55 रन की पारी खेली।

पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए डेविड मिलर ने 20 ओवर में 3 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 41 रन की पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत दिलाने में 1 रन से चूक गए। इसमें कहीं न कहीं उन्हीं का लिया एक निर्णय कारण बना।

दरअसल, डीसी को आखिरी ओवर में जीत के लिए 13 रन की जरूरत थी। गेंद प्रसिद्ध कृष्णा के हाथ में थी। पहली गेंद पर विप्राज निगम ने चौका लगा दिया। दूसरी गेंद पर वह आउट हो गए। तीसरी गेंद पर कुलदीप यादव ने सिंगल लेकर स्ट्राइक डेविड मिलर को दे दी।

डीसी को आखिरी 3 गेंदों पर जीत के लिए 8 रन बनाने थे। मिलर ने ओवर की चौथी गेंद पर छक्का लगा दिया। आखिरी 2 गेंदों पर जीत के लिए डीसी को 2 रन बनाने थे। मिलर ने सिंगल नहीं लिया और यहीं गलती कर बैठे। आखिरी गेंद मिलर के बल्ले पर नहीं आई और सिंगल लेने की कोशिश में कुलदीप यादव रन आउट हो गए। कुलदीप को विकेटकीपर जोस बटलर ने रन आउट कर दिया। इस तरह दिल्ली के हाथ से जीत फिसल गई। मिलर 20 गेंदों पर 41 रन की पारी खेल निराश लौटे।

जीटी की इस सीजन के तीसरे मैच में यह पहली जीत थी, जबकि डीसी की सीजन के तीसरे मैच में पहली हार थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 April 2026 2:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story