ईरान में फंसे भारतीय नाविक अक्षय हरीश की जल्द होगी वतन वापसी विदेश मंत्रालय

नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली में एक साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में एमईए प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उनका कल्याण हमारे लिए बेहद अहम है। हमने पहले भी इस बात को स्पष्ट किया है। ईरान के तेहरान स्थित भारतीय दूतावास और बंदर अब्बास में मौजूद हमारी टीम लगातार इस मामले पर नजर बनाए हुए है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय दूतावास ने नाविक अक्षय हरीश से संपर्क किया है। अक्षय ने 9 नवंबर को भारतीय वाणिज्य दूतावास से संपर्क किया था, यानी करीब तीन-चार दिन पहले।
अक्षय के साथ भारतीय अधिकारी की बातचीत में पता चला कि उन्होंने साल 2025 में जापान में 'प्लाम मरीन' नाम के एक व्यापारिक जहाज पर काम शुरू किया था। जब यह जहाज ईरान के चाबहार बंदरगाह पहुंचा तो जहाज के कप्तान ने उन्हें बताया कि उनका पासपोर्ट और सीडीसी सर्टिफिकेट (यानी निरंतर सेवामुक्ति प्रमाणपत्र) खो गया है। यह सर्टिफिकेट नाविकों और समुद्री जहाजों पर काम करने वाले कर्मचारियों के पास होता है। दस्तावेज खोने की वजह से अक्षय को जहाज से उतार दिया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि अक्षय को उनकी कंपनी की ओर से मदद मिल रही है। कंपनी उनके रहने और खाने-पीने का इंतजाम कर रही है।
भारतीय दूतावास ने अक्षय से बातचीत के बाद जहाज के मालिक और एजेंट से भी संपर्क किया। उन्हें अक्षय के जरूरी दस्तावेज तैयार करने के लिए पूरी की जाने वाली प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी गई।
इसके बाद अक्षय ने इमरजेंसी सर्टिफिकेट के लिए आवेदन किया, जिसे अब जारी कर दिया गया है। इस दस्तावेज के मिलने के बाद अक्षय भारत लौटने के लिए तैयार हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय दूतावास अक्षय की जल्द से जल्द भारत वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है। उन्हें केरल वापस लाने के लिए उनकी कंपनी के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
