ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर लागू की नई व्यवस्था
तेहरान, 18 मई (आईएएनएस)। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नई व्यवस्था लागू करने का ऐलान कर दिया है। नई अथॉरिटी बनाई है जो समुद्री संचालन पर रियल टाइम निगरानी रखेगी। सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी।
सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल स्ट्रेट के प्रबंधन हेतु नया निकाय “पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी (पीजीएसए)” बनाने की घोषणा की गई है। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने कहा कि यह संस्था होर्मुज स्ट्रेट के संचालन और ताजा घटनाक्रमों पर “रियल-टाइम अपडेट” जारी करेगी।
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब पश्चिम एशिया में तनाव और समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। इजरायली मीडिया की रिपोर्ट्स दावा कर रही हैं कि अमेरिकी विमान बड़ी मात्रा में हथियार लेकर इजरायल पहुंच गए हैं और इजरायली सेना को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।
पीजीएसए समुद्री गतिविधियों की निगरानी और संचालन से जुड़ी सूचनाएं साझा करेगी। ईरान पहले ही जहाजों के लिए नए ट्रांजिट नियम और अनुमति प्रणाली लागू करने के संकेत दे चुका था।
दो दिन पहले ही तेहरान ने एक नए सिस्टम की बात की थी। ईरान के अनुसार, उनका ये सिस्टम फ्रीडम प्रोजेक्ट से जुड़े लोगों के लिए उपलब्ध नहीं होगा।
ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए अपनी योजना साझा की थी।
उन्होंने एक्स पर लिखा, " ईरान ने अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय व्यापार सुरक्षा की गारंटी के तहत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में यातायात प्रबंधन के लिए एक पेशेवर तंत्र तैयार किया है, जिसे जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा। इस प्रक्रिया में केवल वाणिज्यिक जहाज और ईरान के साथ सहयोग करने वाले पक्ष ही लाभान्वित होंगे।"
अजीजी के अनुसार, इस तंत्र के तहत विशिष्ट सेवाओं के लिए आवश्यक शुल्क भी लिया जाएगा। वहीं, यह मार्ग तथाकथित “फ्रीडम प्रोजेक्ट” के संचालनकर्ताओं के लिए बंद रहेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 May 2026 3:59 PM IST












