ईरानी हमले के बाद हालात का जायजा लेने पहुंचे राष्ट्रपति हर्जोग, ईरान को कड़ी चेतावनी दी

ईरानी हमले के बाद हालात का जायजा लेने पहुंचे राष्ट्रपति हर्जोग, ईरान को कड़ी चेतावनी दी
ईरान और इजरायल के बीच जारी सैन्य संघर्ष में एक नया और गंभीर मोड़ आया है। 28 फरवरी, 2026 से शुरू हुए हमलों के क्रम में, ईरान ने शनिवार को इजरायल के न्यूक्लियर शहर अराद और डिमोना पर हमला किया। इतने दिनों में पहली बार ईरान ने इजरायल के न्यूक्लियर ठिकाने को निशाना बनाया। घटना के बाद रविवार को इजरायली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और ईरान को कड़ी चेतावनी दी।

तेल अवीव, 23 मार्च (आईएएनएस)। ईरान और इजरायल के बीच जारी सैन्य संघर्ष में एक नया और गंभीर मोड़ आया है। 28 फरवरी, 2026 से शुरू हुए हमलों के क्रम में, ईरान ने शनिवार को इजरायल के न्यूक्लियर शहर अराद और डिमोना पर हमला किया। इतने दिनों में पहली बार ईरान ने इजरायल के न्यूक्लियर ठिकाने को निशाना बनाया। घटना के बाद रविवार को इजरायली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और ईरान को कड़ी चेतावनी दी।

हालांकि ईरान के इस हमले में किसी भी इजरायली नागरिक की मौत नहीं हुई, लेकिन इमारतों को नुकसान पहुंचा। अराद में ईरानी हमले में एक बेकरी हाउस को भी नुकसान पहुंचा। राष्ट्रपति हर्जोग ने बेकरी के मालिक से भी मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जाहिर की।

इजरायली राष्ट्रपति ने बताया कि बेकरी के मालिक के बेटे को 7 अक्टूबर 2023 को हमास की ओर से किए गए हमले में किडनैप कर लिया गया था। हालांकि, बंधकों की रिहाई वाले समझौते के तहत उसकी वापसी भी हो गई। राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने लिखा, "अराद में हाउस ऑफ ब्रेड बेकरी पर कल रात शहर पर ईरानी मिसाइल हमला हुआ। इस जगह के मालिक डिमोना के कालपोन परिवार हैं, जिनके प्यारे बेटे सेगेव को गाजा में किडनैप कर लिया गया था और पिछली होस्टेज डील में हमें लौटा दिया गया था।"

उन्होंने आगे कहा कि इस परिवार ने बहुत कुछ झेला है, इतने दिनों तक दर्द और दुआएं की और कल उनके बिजनेस पर भी असर पड़ा। सब कुछ होने के बावजूद, आज उनकी मुस्कान, उनका विश्वास और इजरायली भावना, जो लगातार मजबूती से धड़क रही है, देखकर मैं उम्मीद से भर गया।

इजरायली राष्ट्रपति ने कहा, "छोटे बिजनेस को समर्थन करना पूरे इजरायली भावना को समर्थन करना है। उन्हें और इलाके के सभी लोगों को ढेर सारा प्यार। यह 'इजरायली राष्ट्रवाद' का सर्वश्रेष्ठ स्वरूप है।"

वहीं डिमोना के दौरे पर उन्होंने कहा, “हम यहां डिमोना में हैं। हम खास जरूरतों वाले लोगों के लिए एक हॉस्टल में हैं।” ईरानी हमले में हुई तबाही के बावजूद, हर्जोग ने बताया कि किसी की मौत नहीं हुई, उन्होंने बताया कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि जब सायरन बजा तो लोग सुरक्षा के लिए बंकर में पनाह लेने लगे। उन्होंने कहा, “खुशकिस्मती से, किसी की जान नहीं गई। क्योंकि नगर पालिकाओं और लोगों ने निर्देश सुने।”

ईरान पर सीधा निशाना साधते हुए राष्ट्रपति हर्जोग ने कहा, “मैं ईरान में हमारे दुश्मनों से बस इतना कहना चाहता हूं कि आप गलत हैं। आप इंसानों को मारने के लिए मिसाइल भेजकर इंसानियत के खिलाफ जुर्म करते रहेंगे, उम्र और लिंग, धर्म, या यहां तक ​​कि उनकी डिसेबिलिटी में भी कोई फर्क नहीं करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि इजरायल टिकेगा और आखिर में जीतेगा। हर्जोग ने कहा, “आप गलत हैं। हमने हमेशा ज्यादा मजबूती दिखाई है। हम जानते हैं कि आपके नेतृत्व में तबाही और गड़बड़ी है। और हमें पक्का यकीन है कि न सिर्फ हम जीतेंगे, बल्कि आप भी मुंह के बल गिरेंगे।”

हफ्तों की लड़ाई के बाद इजरायली राष्ट्रपति ने रणनीतिक लक्ष्य बताते हुए कहा, “युद्ध तब खत्म होगा जब यह साफ हो जाएगा कि ईरान के पास न्यूक्लियर हथियार नहीं हो सकते और निश्चित रूप से ईरान के पास अपनी बैलिस्टिक क्षमता नहीं हो सकती।”

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 March 2026 9:08 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story