आईटीबीपी ने हवलदार जंगखोकाई कुकी को दी श्रद्धांजलि, अरुणाचल में उग्रवादी हमले में हुए थे शहीद

आईटीबीपी ने हवलदार जंगखोकाई कुकी को दी श्रद्धांजलि, अरुणाचल में उग्रवादी हमले में हुए थे शहीद
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में उग्रवादी हमले में शहीद हुए असम राइफल्स के हवलदार जंगखोकाई कुकी को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में उग्रवादी हमले में शहीद हुए असम राइफल्स के हवलदार जंगखोकाई कुकी को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

आईटीबीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि 21 असम राइफल्स के हवलदार जंगखोकाई कुकी ने नंपोंग में उग्रवादी हमले के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। बल ने उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को हमेशा याद रखने की बात कही।

आईटीबीपी ने अपने संदेश में कहा, "21 असम राइफल्स के हवलदार जंगखोकाई कुकी को श्रद्धांजलि, जिन्होंने नंपोंग (अरुणाचल प्रदेश) में उग्रवादी हमले के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस और बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।"

गौरतलब है कि 29 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के निकट गश्त कर रही 21 असम राइफल्स की टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया था। अधिकारियों के अनुसार, नंपोंग सर्किल के नंपोंग नाले के पास यह हमला उस समय हुआ जब जवान उस क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, जहां सीमा पर फेंसिंग का कार्य चल रहा है।

हमले में 42 वर्षीय हवलदार जंगखोकाई कुकी शहीद हो गए जबकि चार अन्य जवान घायल हो गए। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, उग्रवादियों ने गश्ती दल पर अचानक गोलियां बरसाईं, जिससे हवलदार कुकी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया और अतिरिक्त जवानों को मौके पर भेजा गया। हमलावरों की तलाश के लिए सघन अभियान जारी है। कुछ रिपोर्टों में एनएससीएन-के-वाईए से जुड़े उग्रवादियों की संलिप्तता की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story