'विक्रम-1' की सफलता भारत के लिए गर्व का क्षण संजय सरावगी
पटना, 18 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने देश की अंतरिक्ष उपलब्धियों, कांवड़ यात्रा की तैयारियों और पेपर लीक मुद्दे को लेकर बयान दिए। उन्होंने भारत की बढ़ती अंतरिक्ष क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि देश लगातार प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और अंतरिक्ष क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में नए कदम उठा रहा है।
विक्रम-1 रॉकेट के लॉन्च को लेकर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यह भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ने वाला अवसर है। विक्रम-1 का नई ऊंचाइयों को छूना और इतिहास रचना देश की नई पीढ़ी के लिए गर्व का क्षण है।
उन्होंने कहा कि भारत की अंतरिक्ष तकनीक कम लागत में तेजी से विकसित हो रही है और दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रही है। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया।
कांवड़ यात्रा को लेकर बिहार भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। उन्होंने बताया कि सुल्तानगंज से शुरू होने वाली यह यात्रा बाबा देवघर तक जाती है, जहां करोड़ों कांवड़िये जलाभिषेक करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और पूरी यात्रा सुचारू रूप से संपन्न हो।
वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा पेपर लीक के आरोप लगाए जाने पर संजय सरावगी ने उन पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि राहुल गांधी को पेपर लीक की प्रक्रिया और उसमें इस्तेमाल होने वाले तरीकों की काफी जानकारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अक्सर विदेश में रहते हैं और कुछ दिनों के लिए भारत आकर बयान देकर चले जाते हैं।
सरावगी ने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी को गंभीरता से अपनी भूमिका निभानी चाहिए और सरकार को सकारात्मक सुझाव देने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि केवल मीडिया में बने रहने के लिए बयान देने से कोई समाधान नहीं निकलेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि जनता राहुल गांधी के बयानों को गंभीरता से नहीं लेती। उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति के बजाय ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2026 1:51 PM IST












