जब रात डेढ़ बजे दिलीप कुमार के घर पहुंच गए राज कुमार, 'गंगा जमुना' को देख बोले- 'मुल्क में सिर्फ दो ही एक्टर...'
मुंबई, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता राज कुमार की आवाज, डायलॉग बोलने का अंदाज और पर्दे पर मौजूदगी ऐसी थी कि कुछ ही पलों में दर्शकों का ध्यान उनकी तरफ चला जाता था। वह अपने पसंदीदा कलाकारों की खुलकर तारीफ करने से कभी पीछे नहीं हटे। ऐसा ही एक दिलचस्प किस्सा दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार से जुड़ा है, जो अभिनेता रजा मुराद ने बताया था।
रजा मुराद ने एक इंटरव्यू में बताया कि राज कुमार, दिलीप कुमार की एक्टिंग के बहुत बड़े फैन थे। एक बार राज कुमार ने दिलीप कुमार की फिल्म 'गंगा जमुना' थिएटर में देखी। फिल्म में दिलीप कुमार की एक्टिंग उन्हें इतनी पसंद आई कि उनकी तारीफ करने रात करीब डेढ़ बजे उनके घर पहुंच गए। उन्होंने दिलीप कुमार को बुलाया और कहा, ''जानी युसूफ खान तुम्हारी फिल्म 'गंगा जमुना' देखकर आ रहा हूं और आज हमें मालूम हुआ कि इस मुल्क में सिर्फ दो ही एक्टर हैं, राज कुमार और दिलीप कुमार।''
रजा मुराद ने बताया कि ये बात कहकर वह वहां से चले गए। इस पूरी घटना से दिलीप कुमार भी हैरान रह गए थे।
'गंगा जमुना' साल 1961 में रिलीज हुई थी और इसमें दिलीप कुमार ने बड़े भाई गंगा का किरदार और नासिर खान ने छोटे भाई जमुना का किरदार निभाया था। दोनों भाइयों का पालन-पोषण उनकी गरीब विधवा मां ने किया। गंगा अपने छोटे भाई जमुना को पढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत करता है और खेतों में पसीना बहाता है। जमुना पढ़-लिखकर आगे चलकर पुलिस अधिकारी बन जाता है, जबकि गंगा विपरीत परिस्थितियों और व्यवस्था के अन्याय का शिकार होकर डाकू बनने पर मजबूर हो जाता है।
इसके बाद कहानी दोनों भाइयों के बीच टकराव की बन जाती है, जहां एक तरफ कानून और कर्तव्य हैं, तो दूसरी तरफ भाई का प्यार है। कहानी में कई रिश्तों के संघर्ष को दिखाया गया है।
दिलीप कुमार और राज कुमार, दोनों बाद में फिल्म 'सौदागर' में भी साथ नजर आए। यह फिल्म 1991 में रिलीज हुई थी और इसमें दोनों दिग्गज कलाकारों को एक साथ देखना दर्शकों के लिए खास मौका था। दोनों की अपनी-अपनी अलग स्क्रीन पर्सनैलिटी थी। एक तरफ दिलीप कुमार का गंभीर और सहज अभिनय था, तो दूसरी तरफ राज कुमार की खास आवाज और डायलॉग बोलने का अंदाज। फिल्म को लोगों ने काफी पसंद किया और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2026 5:13 PM IST












