जब सरकार आपकी है, तो घुसपैठिए कैसे दाखिल हो रहे हैं कुमारी शैलजा
नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में घुसपैठियों को लेकर भाजपा को घेरा।
उन्होंने कहा कि इतने सालों से आपकी सरकार सत्ता में है। आखिर आपने घुसपैठियों के खिलाफ क्या किया? अगर घुसपैठिए इस देश में दाखिल हो रहे हैं, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी बनती है। जाहिर सी बात है कि इसकी जिम्मेदारी सरकार की बनती है। सरकार को घुसपैठियों को चिह्नित करके कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। भाजपा के लोगों को यह देखना चाहिए कि आखिर उनके शासनकाल में जमीनी स्थिति कैसी बनी हुई है। अब अगर भाजपा खुद इस बात को स्वीकार कर रही है कि देश में घुसपैठिए दाखिल हो रहे हैं, तो जाहिर सी बात है कि ये लोग अपनी कमजोरी को खुद जगजाहिर कर रही है।
साथ ही, उन्होंने गुरुग्राम की मौजूदा स्थिति को लेकर भी भाजपा को घेरा। उनके मुताबिक, भाजपा को भी यह बताना चाहिए कि आखिर उन्होंने गुरुग्राम को क्या दिया? आज की तारीख में गुरुग्राम की स्थिति कैसी बनी हुई है, यह बात किसी से छुपी नहीं है। बारिश से गुरुग्राम के लोगों का हाल बेहाल है। स्कूल बसें गड्ढे में डूब जा रही है। लोगों को कुछ समझ नहीं आ रहा है कि क्या किया जाए। ऐसी स्थिति में तो मेरा भाजपा के लोगों को यही सुझाव रहेगा कि वो सामने आकर बताए कि आखिर अब तक उन्होंने गुरुग्राम के लिए क्या किया है? आखिर 12 सालों से भाजपा की सरकार क्या कर रही है? भाजपा के लोग इतनी बड़ी मात्रा में टैक्स वसूल कर रहे हैं। लेकिन, इसके बाद उस टैक्स का इस्तेमाल कहां पर हो रहा है। इसकी जानकारी तो देनी ही होगी। तभी हम आगे की पूरी रूपरेखा निर्धारित कर पाएंगे।
उन्होंने कहा कि सिर्फ किसी शहर में कांच की इमारतें बना देने से वो शहर मिलेनियल नहीं हो जाता है। निश्चित तौर पर मौजूदा समय में गुरुग्राम में कई लोगों को नौकरी मिल रही है और आगे चलकर कई लोगों को नौकरी मिल सकती है। इस शहर में असीम क्षमता है। हमें सिर्फ उन क्षमताओं का सही तरीके से इस्तेमाल करना होगा।
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि जब इन लोगों से कुछ पूछा जाता है, तो ये कांग्रेस पर हमलावर हो जाते हैं। कहने लगते हैं कि आखिर कांग्रेस ने अपने शासनकाल में क्या किया? इससे यह साफ जाहिर होता है कि अब इन लोगों के पास कोई जवाब नहीं है। इसी वजह से जब इन लोगों को कुछ समझ नहीं आता है, तो यह हम पर ही हमलावर हो जाते हैं।
इसके अलावा, उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुलदीप शर्मा के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह अगर कुछ कह रहे हैं, तो हमें उन्हें गंभीरता से लेना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Aug 2026 3:18 PM IST












