जेल से छूटने के बाद दबंगों का टोल प्लाजा पर आतंक, बैरियर तोड़ा; कर्मचारियों से मारपीट
ग्रेटर नोएडा, 11 जून (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर के दादरी क्षेत्र स्थित लुहारली टोल प्लाजा पर दबंगों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। बुलंदशहर जेल से कुछ लोगों के छूटने के बाद उनके समर्थकों का काफिला जब लुहारली टोल प्लाजा पहुंचा तो वहां जमकर हंगामा हुआ।
आरोप है कि कई गाड़ियों में सवार दबंग बिना टोल शुल्क दिए ही आगे बढ़ने लगे और विरोध करने पर टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई वाहनों का काफिला हूटर बजाते हुए टोल प्लाजा पहुंचा। टोल कर्मचारियों ने जब नियमानुसार टोल शुल्क जमा करने के लिए कहा तो वाहन सवार लोगों ने दबंगई दिखानी शुरू कर दी।
आरोप है कि उन्होंने टोल बैरियर को तोड़ते हुए जबरन वाहनों को निकाल लिया। इस दौरान कर्मचारियों द्वारा विरोध किए जाने पर उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई, जिससे टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 10 जून को थाना दादरी क्षेत्र के अंतर्गत लुहारली टोल प्लाजा पर 5 से 6 गाड़ियां बिना टोल दिए निकलने का प्रयास कर रही थीं। टोल कर्मियों द्वारा रोके जाने पर वाहन सवार व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने टोल मैनेजर की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में इस्तेमाल दो वाहनों, एक स्कॉर्पियो और एक ब्रेजा, को कब्जे में ले लिया गया है। इसके अलावा मामले में नामजद और प्रकाश में आए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Jun 2026 6:08 PM IST












