जैसे ही विनय पाठक ने स्टेज पर कदम रखा, पूरा स्टेज उनका हो गया गजराज राव
मुंबई, 17 अगस्त (आईएएनएस)। बॉलीवुड के अनुभवी और दिग्गज अभिनेता गजराज राव हाल ही में रंगमंच अभिनेता विनय पाठक का अभिनय देखने के लिए गए थे। सोमवार को अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए विनय पाठक के अभिनय की जमकर सराहना करने के साथ बताया कि वे लगातार दो दिन से थिएटर में नाटक देखने जा रहे हैं।
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर विनय पाठक के साथ कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें विनय पाठक की रंगमंच में अभिनय करते हुए भी तस्वीरें शामिल हैं। गजराज राव ने लिखा, "कल लगातार दूसरी रात थी, जब मैंने शेक्सपियर का नाटक स्टेज पर देखा था। सच कहूं, तो मैं 'विलियम भाई' के असली रूप को समझने लायक नहीं हूं, इसलिए मुझे खुशी है कि मैं उनके शानदार 'इंडियन वर्जन' को देख पाया हूं।"
अभिनेता ने तीन दिन लगातार देखे गए शो के बारे में बताया, "परसों अमितोष नागपाल का शो 'आर एंड जे' देखा था, जो हिंदी में बना हुआ, मजेदार म्यूजिकल था और कल रजत कपूर का किंग लियर देखा था, अंग्रेजी और बेतुकी भाषा में था। इस शो की कहानी एक बुजुर्ग जोकर की होती है, जो प्यार करने वाला बाप है। वह अपनी बिछड़ी हुई बेटी को याद करता और उसकी ये तड़प है कि वो दुनिया में अपनी जगह बनाए रखना चाहता है जबकि दुनिया उसके बिना आगे बढ़ रही है। शो में अभिनेता विनय पाठक ने जोकर का रोल निभाया है।"
गजराज राव ने अभिनेता विनय पाठक के अभिनय की प्रशंसा करते हुए लिखते हैं, "जैसे ही उन्होंने स्टेज पर कदम रखा, पूरा स्टेज उनका हो गया। उनके काम में इतना कंट्रोल, सफाई और महारत थी कि देखकर हैरानी हुई। उन्हें देखना ऐसा था जैसे तेंदुलकर टेस्ट मैच में सेंचुरी बना रहे हों - बिल्कुल सहज, पूरे भरोसे के साथ, सब कुछ कंट्रोल में। एक पल भी बोरियत नहीं हुई, न कोई गलती, पृथ्वी थिएटर में पूरा हॉल भरा था और सब लोग विनय पाठक के अभिनय में खोए हुए थे।"
गजराज राव ने लिखा, "रजत और उनकी टीम को इतने शानदार काम के लिए सलाम। लाइट डिजाइनर का भी खास शुक्रिया-लाइटिंग खुद एक किरदार बन गई थी। अगर कभी ये वन-मैन शो आपके शहर में आए तो प्लीज, प्लीज देखने जरूर जाना। बाद में मुझे धन्यवाद बोलोगे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Aug 2026 11:04 AM IST












