जमशेदपुर मरीन ड्राइव के जंगल में पुलिस एनकाउंटर, दो अपराधियों के पैर में लगी गोली
जमशेदपुर, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव पर मंगलवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में बिंदल मॉल फायरिंग कांड के दो आरोपी घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों के पैर में गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपियों की पहचान मोहन यादव और अजीत मंडल के रूप में हुई है। दोनों को 26 सितंबर को बिंदल मॉल के एक रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम मंगलवार रात दोनों को हथियार बरामद करने के लिए मरीन ड्राइव इलाके में ले गई थी।
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान दोनों आरोपियों ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। पुलिस के मुताबिक, दोनों ओर से करीब तीन-तीन राउंड गोलियां चलीं। फायरिंग में अजीत मंडल के बाएं पैर और मोहन यादव के दाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
गौरतलब है कि 26 सितंबर को दोपहर करीब 1.30 बजे बिंदल मॉल स्थित एक रेस्टोरेंट में डोमिनिक सैमसन अपने परिचित रिजवान और दिलशान उर्फ दानिश के साथ नाश्ता कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान बाइक से पहुंचे तीन बदमाशों ने वहां करीब 12 राउंड फायरिंग की थी।
घटना के बाद मॉल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। फायरिंग में डोमिनिक सैमसन, रिजवान, दिलशान और कृष्णा चौधरी घायल हुए थे। सभी को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस अब मुठभेड़ के दौरान इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी और फायरिंग की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। इलाके में सर्च अभियान भी चलाया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2026 10:45 AM IST












