जन्मदिन स्पेशल कमजोर आईसाइट से टूटा एयर होस्टेस बनने का सपना, फिर बनीं कोरियोग्राफी क्वीन

जन्मदिन स्पेशल  कमजोर आईसाइट से टूटा एयर होस्टेस बनने का सपना, फिर बनीं कोरियोग्राफी क्वीन
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर कोरियोग्राफर और टीवी की जानी-मानी हस्ती गीता कपूर को प्यार से 'गीता मां' भी कहा जाता है। उन्होंने कई लोकप्रिय गानों की कोरियोग्राफी की है। गीता कपूर टीवी की भी एक जाना-माना चेहरा हैं और कई डांस रियलिटी शो में जज भी रह चुकी हैं।

मुंबई, 4 जुलाई (आईएएनएस)। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर कोरियोग्राफर और टीवी की जानी-मानी हस्ती गीता कपूर को प्यार से 'गीता मां' भी कहा जाता है। उन्होंने कई लोकप्रिय गानों की कोरियोग्राफी की है। गीता कपूर टीवी की भी एक जाना-माना चेहरा हैं और कई डांस रियलिटी शो में जज भी रह चुकी हैं।

गीता कपूर का जन्म 5 जुलाई 1973 को मुंबई में एक साधारण मीडिल क्लास परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम महेंद्रनाथ कपूर और मां का नाम रानी कपूर है। बचपन में गीता का सपना एयर होस्टेस बनने का था, लेकिन कमजोर आईसाइट के कारण उनका यह सपना पूरा नहीं हो सका। हालांकि, नृत्य में रुचि होने के कारण उन्होंने डांस क्लास जॉइन कर ली और नृत्य की दुनिया में कदम रखा।

गीता ने अपने कोरियोग्राफी करियर की शुरुआत महज 15 वर्ष की उम्र में बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर फराह खान के साथ बतौर असिस्टेंट की। इस दौरान उन्होंने फराह खान के साथ बॉलीवुड की कई हिट फिल्मों में कोरियोग्राफी की, जिसमें 'कुछ कुछ होता है', 'दिल तो पागल है', 'कभी खुशी कभी गम', 'मैं हूं ना', 'मोहब्बतें' और 'ओम शांति ओम' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल हैं।

इसके बाद गीता ने एक स्वतंत्र कोरियोग्राफर के रूप में 'फिजा', 'अशोका', 'साथिया', 'हे बेबी' और 'अलादीन' में काम किया। वहीं, फिल्म 'तीस मार खान' मूवी का गाना 'शीला की जवानी' की कोरियोग्राफी के लिए उनकी काफी सराहना हुई।

गीता के टेलीविजन करियर की बात करें तो उन्होंने 2009 में जी टीवी पर प्रसारित होने वाले एक लोकप्रिय डांस रियलिटी शो 'डांस इंडिया डांस' (डीआईडी) में बतौर जज और मेंटोर के तौर पर काम किया, जिससे उन्हें घर-घर में पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने 'सुपर डांसर', 'इंडियाज बेस्ट डांसर' और 'डीआईडी लिटिल मास्टर्स' जैसे कई लोकप्रिय डांस रियलिटी शो में जज की भूमिका निभाई।

52 वर्षीय गीता कपूर के निजी जीवन की बात करें तो उन्होंने अभी तक शादी नहीं की है और वह सिंगल हैं। गीता अपनी बेबाक और स्पष्ट विचार के लिए जानी जाती है, जो अपनी मां के साथ मुंबई में रहती हैं। फिलहाल गीता कपूर डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' को जाने-माने कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस, बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर और जावेद जाफरी के साथ जज करती नजर आ रही हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 July 2026 6:12 PM IST

Tags

Next Story