जौनपुर में गोतस्कर और पुलिस में मुठभेड़, एक आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर में गोतस्कर और पुलिस में मुठभेड़, एक आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रविवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपए का इनामी गोतस्कर आरिफ घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

जौनपुर, 23 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रविवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपए का इनामी गोतस्कर आरिफ घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

सीओ प्रतिमा वर्मा ने बताया कि इस कार्रवाई को मीरगंज और मछलीशहर पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरिफ के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू में कर लिया गया जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि घटना रविवार रात 10:45 बजे की है। मीरगंज थानाध्यक्ष और चौकी इंचार्ज जंघई अपनी टीम के साथ गोधना बाजार में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि बंधवा बाजार से जंघई की ओर दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर भाग रहे हैं, जिनका पीछा मछलीशहर पुलिस कर रही है। सूचना मिलते ही मीरगंज पुलिस सक्रिय हो गई और बंधवा की दिशा में घेराबंदी शुरू कर दी।

ग्राम सभा चौकी खुर्द के अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय के पास चिताव-भटेवरा मार्ग पर पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश आरिफ घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया जबकि दूसरा आरोपी मौके से भाग निकला।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ (32) निवासी लमहन थाना महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, दो कारतूस और एक बाइक बरामद की है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरिफ कई आपराधिक मामलों में वांछित था। मीरगंज थाने में उसके खिलाफ पिकअप चोरी और भैंस चोरी के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा मछलीशहर थाने में भी वह एक अन्य मामले में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और फरार साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 March 2026 10:13 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story