जयडेन लेनोक्स के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि, कुंबले-वॉर्न और अफरीदी को छोड़ा पीछे

जयडेन लेनोक्स के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि, कुंबले-वॉर्न और अफरीदी को छोड़ा पीछे
पांचवें वनडे में मिली हार के बावजूद न्यूजीलैंड वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज को 3-2 से अपने नाम करने में सफल रही। टीम की इस जीत में गेंद से अहम भूमिका जयडेन लेनोक्स ने निभाई। उन्होंने सीरीज में कुल 14 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' भी चुना गया।

नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। पांचवें वनडे में मिली हार के बावजूद न्यूजीलैंड वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज को 3-2 से अपने नाम करने में सफल रही। टीम की इस जीत में गेंद से अहम भूमिका जयडेन लेनोक्स ने निभाई। उन्होंने सीरीज में कुल 14 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' भी चुना गया।

लेनोक्स की घूमती गेंदों के आगे पूरी सीरीज में कैरेबियाई बल्लेबाज संघर्ष करते हुए दिखाई दिए। लेनोक्स ने 5 मुकाबलों में 14 विकेट लेने के साथ ही खास उपलब्धि को भी अपने नाम किया है। वह एक द्विपक्षीय वनडे सीरीज में सर्वाधिक विकेट लेने वाले स्पिनर्स की लिस्ट में पूर्व दिग्गज गेंदबाज शेन वॉर्न, शाहिद अफरीदी और अनिल कुंबले से आगे निकल गए हैं। इन तीनों पूर्व खिलाड़ियों के नाम एक सीरीज में 13 विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। लेनोक्स ने अकिला धनंजय की बराबरी कर ली है। धनंजय ने साल 2018 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई सीरीज में 14 विकेट चटकाए थे।

एक द्विपक्षीय वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भारत के पूर्व गेंदबाज अमित मिश्रा के नाम है, जिन्होंने 18 विकेट चटकाए हैं। वहीं, इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर कुलदीप यादव का नाम है, जो एक वनडे सीरीज में 17 विकेट निकाल चुके हैं। जयडेन लेनोक्स का प्रदर्शन वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए पांचवें एकदिवसीय मुकाबले में भी शानदार रहा। उन्होंने 9 ओवर के स्पेल में महज 35 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए।

पांचवें वनडे में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 268 रन लगाए। टीम की ओर से विल यंग (56 रन), निक केरी (64 रन) और टॉम लाथम (69 रन) ने अर्धशतकीय पारी खेली। इसके जवाब में कैरेबियाई टीम ने शेरफेन रदरफोर्ड द्वारा खेली गई 61 और शिमरोन हेटमायर की 69 रनों की नाबाद पारी के बूते 269 रनों के लक्ष्य को 47.3 ओवर में हासिल किया। रदरफोर्ड ने अपनी पारी में 2 चौके और 4 छक्के लगाए और वह टीम को जीत दिलाकर लौटे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 July 2026 2:16 PM IST

Tags

Next Story