झारखंड आठ बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा के करीब पहुंचे छात्र, पुलिस ने चलाया वाटर कैनन तो करने लगे रेन डांस
रांची, 10 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को भी जारी है। विधानसभा घेराव के लिए निकले छात्रों ने पुलिस की आठवीं बैरिकेडिंग भी तोड़ दी और अब विधानसभा की ओर बढ़ रहे हैं।
छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों का एक बड़ा समूह आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने जब छात्रों को रोकने के लिए वाटर कैनन चलाया तो प्रदर्शनकारी पीछे हटने के बजाय पानी की बौछारों के बीच भी नारेबाजी करते नजर आए। कई छात्र वाटर कैनन की तेज धार के बीच खड़े होकर नारे लगाते और झूमते दिखाई दिए।
इस मौके पर आंदोलन का अलग ही दृश्य देखने को मिला। पुलिस और प्रशासन की ओर से छात्रों से आगे नहीं बढ़ने और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की जा रही है। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ड्रोन कैमरों से भी प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
आठवीं बैरिकेडिंग पार करने के बाद छात्रों का समूह कई हिस्सों में बंट गया है। कुछ छात्र आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें रोकने में जुटी है। मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। इससे पहले छात्रों ने पुराने विधानसभा परिसर के पास पहला बैरिकेड तोड़ा था। इसके बाद उन्होंने लगातार आगे बढ़ते हुए एक के बाद एक कई बैरिकेड पार किए।
24 जिलों से पहुंचे हजारों छात्र हाथों में तिरंगा, पोस्टर और बैनर लिए विधानसभा की ओर मार्च कर रहे हैं। छात्र 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा समेत विवादित परीक्षाओं को रद्द करने, भर्ती प्रक्रिया में सुधार और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।
रविवार को सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच तीसरे दौर की वार्ता बेनतीजा रही थी। इसके बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। सुबह से ही रांची के विभिन्न इलाकों में छात्रों की भीड़ जुटने लगी थी। राज्य के अलग-अलग जिलों से छात्र बसों, ट्रेनों और निजी वाहनों से रांची पहुंचे हैं। बड़ी संख्या में छात्रों ने रविवार रात जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम और आसपास के इलाकों में रात गुजारी।
इधर, आंदोलन के बीच भाजपा ने भी मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में भाजपा विधायकों की बैठक के बाद विधायक और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। करीब 9.45 बजे हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बाबूलाल मरांडी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
राजधानी में विधानसभा और मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की कोशिश छात्रों को विधानसभा परिसर तक पहुंचने से रोकने की है। वहीं छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Aug 2026 1:23 PM IST












