झारखंडः बोकारो में भीषण आग से कई दुकानें खाक, दो लोग झुलसकर हुए घायल

झारखंडः बोकारो में भीषण आग से कई दुकानें खाक, दो लोग झुलसकर हुए घायल
झारखंड के बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित सिवनडीह आजाद नगर इलाके में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। इस दौरान दो लोग झुलस गए, जिनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत एक टेंट हाउस के गोदाम से हुई, जहां बड़ी संख्या में रसोई गैस सिलेंडर रखे गए थे।

बोकारो, 3 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित सिवनडीह आजाद नगर इलाके में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। इस दौरान दो लोग झुलस गए, जिनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत एक टेंट हाउस के गोदाम से हुई, जहां बड़ी संख्या में रसोई गैस सिलेंडर रखे गए थे।

आशंका जताई जा रही है कि सिलेंडर रिफिलिंग के दौरान हुए विस्फोट के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम करीब छह बजे गोदाम के भीतर अचानक धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके तुरंत बाद एक के बाद एक कई सिलेंडर फटने लगे, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। आग की ऊंची लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं और आसपास अफरातफरी का माहौल बन गया। गोदाम से सटी 10-12 दुकानों तक आग तेजी से फैल गई, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

सूचना मिलते ही माराफारी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया। हालात की गंभीरता को देखते हुए आसपास के मकानों को भी एहतियातन खाली कराया गया। दमकल विभाग की छह गाड़ियां घटनास्थल पर तैनात की गईं।

लगातार हो रहे सिलेंडर विस्फोट के बीच अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में दो लोग झुलसकर घायल हो गए। दोनों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि गोदाम में टेंट सामग्री के साथ गैस सिलेंडर रिफिलिंग का काम भी किया जाता था। माराफारी थाना प्रभारी मोहम्मद आजाद खान ने बताया कि नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 March 2026 10:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story