झारखंडः गम्हरिया और गोड्डा में दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार को घेरा, निष्पक्ष जांच की मांग

रांची, 3 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड में महिलाओं के साथ यौन शोषण की दो घटनाओं को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म और गोड्डा में मिशन से जुड़े एक फादर पर लगे यौन शोषण के आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि राज्य में महिलाएं कहीं पुलिस थाने में तो कहीं रोजगार के नाम पर शोषण का शिकार हो रही हैं। उन्होंने दोनों मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है।
आदित्य साहू ने मंगलवार को कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय दिल्ली की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब महिलाएं थाने और रोजगार की तलाश में जाने जैसी जगहों पर भी सुरक्षित नहीं हैं, तो राज्य में उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गोड्डा के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि मिशन से जुड़े एक फादर पर नौकरी दिलाने के नाम पर महिला का लंबे समय तक यौन शोषण करने, गर्भ ठहरने पर गर्भपात की दवा देने और तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के खर्च को लेकर धमकाने तथा ब्लैकमेल करने के आरोप लगे हैं। इस मामले में सुंदरपहाड़ी थाने में केस संख्या 33/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
साहू ने गम्हरिया थाने से जुड़े मामले को भी पुलिस व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल बताया। उन्होंने कहा कि दोनों घटनाएं राज्य में महिला सुरक्षा की स्थिति पर चिंता पैदा करती हैं। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी धर्म, संस्था, संगठन या प्रभावशाली व्यक्ति को कानून से ऊपर न माना जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने में विफल रही है। साहू ने दोनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़िताओं को सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच को राजनीतिक या संस्थागत दबाव से प्रभावित नहीं होने दिया जाना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
