झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की मां का निधन, राजनीतिक हलकों में शोक की लहर
रांची, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार को रांची के बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी कार्डियोलॉजिस्ट डॉ दीपक गुप्ता और डॉ उज्जवल राय ने दी। वह करीब 80 वर्ष की थीं। उनके निधन की खबर के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
रूपी सोरेन पिछले कई महीनों से बीमार चल रही थीं। हाल के दिनों में उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। सितंबर में उन्हें सांस लेने में तकलीफ के बाद हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका हैदराबाद में भी इलाज कराया गया था। रांची लौटने के बाद उनकी तबीयत में कई बार गिरावट आई और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी रहा। बुधवार को उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई।
चिकित्सकों की टीम ने उनके उपचार के लिए विशेषज्ञों को बुलाया। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दीपक गुप्ता और न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. उज्जवल राय समेत अन्य चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे थे। बुधवार शाम उनकी हालत और बिगड़ गई, और बाद में चिकित्सकों ने उनके निधन की पुष्टि की। रूपी सोरेन की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार के अपने कई कार्यक्रम रद्द कर दिए थे।
राज्य मंत्रिपरिषद की बुधवार शाम प्रस्तावित बैठक भी स्थगित कर दी गई थी। मुख्यमंत्री शाम करीब चार बजे हिल व्यू अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से अपनी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उनके अस्पताल पहुंचने के बाद राज्य सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद समेत कई नेता भी वहां पहुंचे थे। रूपी सोरेन का विवाह एक जनवरी 1962 को शिबू सोरेन के साथ हुआ था। विवाह के बाद वह लगातार शिबू सोरेन के साथ रहीं।
शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक नेताओं में थे। वह झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री भी रहे। शिबू सोरेन का 4 अगस्त 2025 को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हुआ था। पति के निधन के बाद रूपी सोरेन परिवार के साथ रहीं और झारखंड मुक्ति मोर्चा के राजनीतिक परिवार की वरिष्ठ सदस्य के रूप में उनकी उपस्थिति बनी रहीं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी मां के स्वास्थ्य को लेकर लगातार चिकित्सकों से जानकारी लेते रहे थे। रूपी सोरेन के निधन की खबर सामने आने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की ओर से शोक संवेदना व्यक्त की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2026 9:38 PM IST












