झारखंड के गढ़वा में भीषण सड़क हादसा, दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत
गढ़वा, 24 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के गढ़वा जिले में शुक्रवार को तेज रफ्तार बाइक ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। भवनाथपुर थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, हादसा भवनाथपुर थाना क्षेत्र में शिवपूजन फ्यूल्स पेट्रोल पंप के सामने हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान सिंधिताली निवासी आर्यन चौबे, धनगरडीहा मकरी निवासी प्रभात सिंह उर्फ पप्पू सिंह तथा टंडवा निवासी 24 वर्षीय रोहित सिंह के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही तीनों युवकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना मिलने पर भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन, एएसआई आशुतोष सिन्हा तथा अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को सड़क से हटाकर भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया है। इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 July 2026 8:34 PM IST












