झारखंड के लोहरदगा और हजारीबाग में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसक झडपों में कई घायल, हालात तनावपूर्ण
लोहरदगा/हजारीबाग, 25 जनवरी (आईएएनएस)। झारखंड में सरस्वती पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हजारीबाग और लोहरदगा जिले में दो स्थानों पर उत्पन्न विवादों ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों घटनाओं के बाद प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह गांव में रविवार को सरस्वती पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद बढ़ गया, जो बाद में हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। बताया गया कि लाठी-डंडों और परंपरागत हथियारों से लैस दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों में से तीन लोगों को कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, इस विवाद की शुरुआत शनिवार शाम हुई थी, जब गांव में मां सरस्वती की प्रतिमा भ्रमण के दौरान प्रतिमा एक घर के छप्पर से सट गई थी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसे उस समय आपसी समझदारी से सुलझा लिया गया था।
हालांकि, इसके बाद पर्याप्त सतर्कता नहीं बरती गई और रात में पुलिस गश्त की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति दोबारा बिगड़ने की आशंका बनी रही। रविवार सुबह उसी मुद्दे को लेकर विवाद फिर से भड़क उठा और देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही कुडू थाना पुलिस के साथ सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) का बाइक दस्ता मौके पर पहुंचा।
लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी समेत जिले के वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसी तरह हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड अंतर्गत बेलतू गांव में सरस्वती पूजा के बाद शनिवार देर रात मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प और पत्थरबाजी में बदल गया।
इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के साथ-साथ पुलिस पदाधिकारी और जवान भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग के उपायुक्त शशि रंजन और पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और देर रात तक स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे। प्रशासन ने इलाके में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है। हजारीबाग पुलिस के अनुसार फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने दोनों जिलों के लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Jan 2026 2:22 PM IST












