झारखंड में कोयला कारोबार से जुड़ी कंपनियां अपराधियों का सॉफ्ट टारगेट, लगातार गरज रहीं बंदूकें

रांची, 12 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के कोयलांचल में कोयला खनन और ढुलाई से जुड़ी कंपनियों पर अपराधियों की बंदूकें लगातार गरज रही हैं। कभी आउटसोर्सिंग कंपनी के दफ्तर पर फायरिंग हो रही है, तो कभी सुरक्षा गार्ड और कोयला कारोबारियों को निशाना बनाया जा रहा है।
पिछले चार महीनों में चतरा, रामगढ़, हजारीबाग और रांची में ऐसी करीब एक दर्जन घटनाएं सामने आई हैं। रंगदारी और वर्चस्व की लड़ाई में औद्योगिक प्रतिष्ठानों को डराने का सिलसिला जारी है। ताजा मामला चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र के होन्हे गांव का है। बुधवार देर रात करीब 12:10 बजे बाइक सवार तीन अपराधियों ने एवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के कार्यालय पर फायरिंग की।
कंपनी की ओर से 10 से 12 राउंड गोलियां चलाए जाने की बात कही गई, जबकि एसपी अनिमेष नैथानी ने शुरुआती जांच में दो से तीन राउंड फायरिंग की पुष्टि की। घटनास्थल से खोखे बरामद हुए हैं। कार्यालय आम्रपाली कोल परियोजना के पीओ कार्यालय और सीआईएसएफ कैंप के पास है।
सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग के नाम से जारी कथित पत्र में फायरिंग की जिम्मेदारी लेने और कंपनी से जुड़े लोगों को धमकी देने का दावा किया गया है। पुलिस पत्र की प्रामाणिकता की जांच कर रही है। इससे पहले 26-27 अक्टूबर को उरीमारी कोलियरी क्षेत्र में सैनिक आउटसोर्सिंग कंपनी के गेट पर फायरिंग हुई थी। इस हमले में सुरक्षा गार्ड विवेक कुमार ओझा गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटनास्थल से सात खोखे और राहुल दुबे गैंग के नाम का पर्चा मिलने की बात सामने आई थी। नवंबर की शुरुआत में हजारीबाग पुलिस ने इस मामले से जुड़े आरोपी अंशु दुबे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में रांची के कांके थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में कोयला कारोबारी संजय करमाली के आवास पर भी बाइक सवार अपराधियों ने गोलियां चलाई थीं। इससे एक रात पहले हजारीबाग के कोयला कारोबारी अभय द्वारा संचालित एके इंटरनेशनल होटल के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी।
पुलिस ने रांची और हजारीबाग की घटनाओं में शामिल होने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें एक अपराधी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुआ था। 24 अक्टूबर को हजारीबाग के केरेडारी कोयला क्षेत्र में कंपनियों से रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग की साजिश रचने के आरोप में पांच लोगों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था। चतरा में ही 23 अगस्त को टंडवा के उड़सू गांव स्थित चंद्रगुप्त कोल परियोजना में काम कर रही सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय पर चार नकाबपोश अपराधियों ने करीब आठ राउंड फायरिंग की थी। इस घटना की जिम्मेदारी भी राहुल दुबे गैंग के नाम से ली गई थी।
इन घटनाओं में एक समान पैटर्न दिखाई देता है। कंपनियों के दफ्तर, गेट, सुरक्षा कर्मी और कारोबारियों के घर निशाने पर हैं। धमकी भरे पत्रों और सोशल मीडिया संदेशों के जरिए फोन पर संपर्क करने, रंगदारी देने और काम जारी रखने के लिए कथित तौर पर दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि, हर घटना में गिरोह की भूमिका और रंगदारी की मांग की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की जांच में इन पहलुओं की पड़ताल जारी है। लगातार हो रही गोलीबारी से कोयला खनन और ट्रांसपोर्टिंग के काम से जुड़ी कंपनियों के कर्मचारियों और कारोबारियों में असुरक्षा का माहौल है। सवाल यह है कि कोयला परियोजनाओं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी के बावजूद अपराधी बार-बार फायरिंग कर दहशत फैलाने में कैसे सफल हो रहे हैं।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
