झारखंडः पश्चिमी सिंहभूम में दंपती की धारदार हथियार से हत्या, तालाब के पास नाले में मिले शव
चाईबासा, 31 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में अज्ञात अपराधियों ने एक दंपती की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। घटना कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गांडकीदा गांव की है। शुक्रवार को दोनों के शव सरकारी तालाब के पास बने नाले में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान गांडकीदा गांव के बिश्रामपुर टोला निवासी डोंका सिंकु (45) और उनकी पत्नी गोरवारी सिंकु (40) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के सिर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान मिले हैं।
आशंका है कि गुरुवार देर रात अपराधियों ने टांगी से वार कर दोनों की हत्या की और शवों को तालाब के पास नाले में फेंक दिया। ग्रामीणों जब शुक्रवार को सरकारी तालाब की ओर गए तो नाले में दो शव पड़े देखे। इसके बाद उन्होंने गांव के मुंडा (आदिवासी ग्रम प्रधान) कमल किशोर हेम्ब्रम को इसकी जानकारी दी।
मुंडा की सूचना पर कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीपीओ रफायल मुर्मू और पुलिस इंस्पेक्टर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास से साक्ष्य जुटाए। पुलिस टीम ग्रामीणों से पूछताछ कर हत्या के कारण और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। ग्रामीणों के बीच अंधविश्वास और जमीन-संपत्ति विवाद को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है। घटनास्थल और आसपास के इलाके से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 July 2026 3:22 PM IST












