झारखंड सोशल मीडिया पर लाइक्स के लिए जीवों का करता था शिकार, युवक पर दर्ज हुआ एफआईआर

झारखंड सोशल मीडिया पर लाइक्स के लिए जीवों का करता था शिकार, युवक पर दर्ज हुआ एफआईआर
सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने की होड़ किस हद तक खतरनाक हो सकती है, इसका एक सनसनीखेज मामला झारखंड के खूंटी जिले से सामने आया है।

खूंटी, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने की होड़ किस हद तक खतरनाक हो सकती है, इसका एक सनसनीखेज मामला झारखंड के खूंटी जिले से सामने आया है।

यहां एक युवक जंगल के बेजुबान जीवों का शिकार करता, उन्हें मारता और फिर उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। जब ये वीडियो वायरल हुए, तब इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। बेजुबान जीवों और जानवरों के हक में काम करने वाली संस्था ‘पेटा इंडिया’ की शिकायत पर विन विभाग ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगातार ऐसे वीडियो डाले जा रहे थे, जिनमें एक युवक रसेल वाइपर (एक बेहद जहरीला सांप), भारतीय अजगर और कई संरक्षित पक्षियों को पकड़ते,, उन्हें मारते और फिर उनका मांस पकाकर खाते हुए दिखाई दे रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए ‘पेटा इंडिया’ ने खूंटी पुलिस और वन विभाग को शिकायत दी।

इसके बाद जांच शुरू हुई और आरोपी की पहचान लुतार पूर्ति के रूप में की गई। वन विभाग ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। विभाग ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बताया जा रहा है कि जिन जानवरों का शिकार किया गया, उनमें कई ऐसे थे जो कानून के तहत संरक्षित हैं और जिनका शिकार करना गंभीर अपराध है। इस बीच, आरोपी लुतार पूर्ति के परिजनों ने इस संबंध में वन विभाग को दिए आवेदन में कहा है कि वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है। सांप और अन्य जीवों का मांस खाने की वजह से वह गंभीर रूप से अस्वस्थ हो गया है।

परिजनों ने उसकी ओर से माफी मांगते हुए उसके इलाज के लिए मोहलत देने की गुहार लगाई। फिलहाल युवक के परिजनों से बांड लेकर उसे हिरासत से मुक्त कर दिया गया है। परिजनों ने आश्वस्त किया है कि जांच के दौरान जब भी उसे समन किया जाएगा, वे उसे हाजिर कराएंगे।

पेटा इंडिया की प्रतिनिधि सलोनी सकारिया ने कहा कि किसी भी जीव की हत्या को ‘मनोरंजन’ समझना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतें न सिर्फ कानून के खिलाफ हैं, बल्कि समाज के लिए भी खतरनाक संकेत हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 April 2026 5:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story