जो लोग देश को बचाने की बात करते हैं, वे पेपर लीक होने से नहीं बचा पा रहे सांसद पप्पू यादव
चंडीगढ़, 2 जून (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में 8 जून को संभावित इंडिया ब्लॉक की बैठक को लेकर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने कहा कि अभी से ही 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।
आईएएनएस से बात करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि मैं चाहूंगा कि हर हाल में उन्हें दिल से बुलाया जाए और ये लोग भी दिल से एकजुट हों। आज के समय में यह बहुत जरूरी है। इस देश के बच्चों के भविष्य के लिए और देश में बढ़ती महंगाई को रोकने के लिए इंडिया गठबंधन का मजबूत होना बेहद जरूरी है। जिस तरह से इस देश में लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है इंडिया गठबंधन को इन मुद्दों पर पूरी ताकत के साथ एक बैठक बुलानी चाहिए और 2029 के लिए तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सार्थक बैठकें और परिपक्व चर्चाएं होनी चाहिए, लेकिन उन चर्चाओं का मुख्य केंद्र इस देश की जनता को पेश आ रही समस्याएं होनी चाहिए। हमें इस बात पर चर्चा करनी चाहिए कि महंगाई को कैसे कम किया जाए, छात्रों को प्रभावित करने वाले परीक्षा पेपर लीक को कैसे रोका जाए और डीजल-पेट्रोल की कीमतों को कैसे नीचे लाया जाए। ये वे मुद्दे हैं जिन पर हमें अपनी आवाज उठानी चाहिए और अपने आंदोलनों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना चाहिए।
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले और नीट परीक्षा पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि भारत की स्थिति यह है कि कभी सांसद पर हमला हो जाता है। रोजाना पेपर लीक हो रहा है, इसे रोका नहीं जा रहा है। जो लोग देश को बचाने की बात करते हैं वे पेपर को लीक होने से नहीं बचा पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। भारत की सरकार जवाबदेही कब तय करेगी।
उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब पेपर लीक हुए हो, बावजूद सरकार ने सख्त कार्रवाई नहीं की। दूसरी ओर, लगातार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जा रहे हैं।
पप्पू यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की सरकार सारा पैसा चुनाव में खर्च करती है और बाद में जनता से वसूला जाता है।
बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास से जुड़े मुद्दे पर पप्पू यादव ने कहा कि मुझे नहीं पता है कि कौन क्या करेगा। राबड़ी देवी पूर्व में सीएम रही हैं, तो क्या आपत्ति है? एक मकान से क्या आपत्ति है? भाजपा की सरकार राजनीतिक रिवेंज लेने की कोशिश कर रही है। सरकार बिहार में अपराध को रोकने में विफल रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Jun 2026 11:09 PM IST












