जेपीएससी घोटाला सीआईडी ने पांच आरोपियों के खिलाफ दाखिल की पहली चार्जशीट, करोड़ों की वसूली का खुलासा

जेपीएससी घोटाला  सीआईडी ने पांच आरोपियों के खिलाफ दाखिल की पहली चार्जशीट, करोड़ों की वसूली का खुलासा
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में ओएमआर शीट की हेराफेरी, गोपनीय आंकड़ों में सेंधमारी और मेधा की सौदेबाजी से जुड़े बहुचर्चित घोटाले में अपराध अनुसंधान विभाग ने कानूनी शिकंजा कस दिया है।

रांची, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में ओएमआर शीट की हेराफेरी, गोपनीय आंकड़ों में सेंधमारी और मेधा की सौदेबाजी से जुड़े बहुचर्चित घोटाले में अपराध अनुसंधान विभाग ने कानूनी शिकंजा कस दिया है।

सीआईडी ने 90 दिनों की वैधानिक अवधि समाप्त होने से ठीक पहले रांची की अदालत में बुधवार की शाम पांच मुख्य आरोपियों के खिलाफ औपचारिक आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल कर दिया है।

जांच एजेंसी की इस समयबद्ध कार्रवाई के कारण अब गिरफ्तार अभियुक्तों के लिए 'डिफॉल्ट बेल' पाने का रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। साथ ही, सीआईडी इस मामले में बचे हुए अन्य आरोपियों और लाभ पाने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ जल्द ही दूसरी पूरक (सप्लीमेंट्री) चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है।

इस पहली चार्जशीट में जिन पांच मुख्य आरोपियों को नामजद किया गया है, उनमें तत्कालीन उप-परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता, टीडीपीएल एजेंसी के निदेशक व इस पूरे घोटाले के मास्टरमाइंड रामवीर सिंह उर्फ आरवी सिंह, मार्केटिंग मैनेजर व किंगपिन अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी, तथा एजेंसी कर्मी मो. उस्मान और मो. एबाद शामिल हैं।

सीआईडी द्वारा अदालत को सौंपी गई केस डायरी और जांच रिपोर्ट ने आयोग की गोपनीयता और पूरी परीक्षा प्रणाली को तार-तार करने वाले एक संगठित 'मेधा सिंडिकेट' का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया है कि अयोग्य अभ्यर्थियों को सफलता की गारंटी देने के लिए बाकायदा एक 'रेट कार्ड' तय किया गया था। प्रारंभिक परीक्षा पास कराने के लिए 5 लाख रुपए, मुख्य परीक्षा व इंटरव्यू में अंक बढ़ाने के लिए 10 से 15 लाख रुपए और अंतिम चयन के लिए 60 से 70 लाख रुपए तक की भारी-भरकम रकम वसूली जा रही थी।

अभ्यर्थियों से सुरक्षा के तौर पर उनके मूल शैक्षणिक दस्तावेज, कोरे चेक और सादे कागजात ऐंठ लिए जाते थे। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री की रिपोर्ट और जब्त डिजिटल उपकरणों की पड़ताल से यह साबित हुआ है कि ओएमआर शीटों को जानबूझकर खाली छोड़ दिया जाता था, जिन्हें बाद में स्कैनिंग और बैकएंड सर्वर में सीधे फेरबदल करके भर दिया जाता था।

इसके अलावा, गोपनीय आंसर-की को आधिकारिक तौर पर जारी होने से पहले ही व्हाट्सएप के जरिए लीक किया गया, जिसके एवज में तत्कालीन उप-परीक्षा नियंत्रक और उनके परिजनों के लिए दिल्ली और बेंगलुरु की हवाई टिकटें बुक कराई गई थीं।

सीआईडी ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के साथ-साथ 'झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023' की कड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इस मामले में पहली आधिकारिक सुनवाई के लिए अदालत ने 26 अक्टूबर 2026 की तिथि मुकर्रर की है, और सीआईडी के स्तर पर अन्य संलिप्त चेहरों को बेनकाब करने के लिए जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Oct 2026 10:56 AM IST

Tags

Next Story