दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह मामलों में 14 जुआरी गिरफ्तार, 7,635 रुपए भी जब्त

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह मामलों में 14 जुआरी गिरफ्तार, 7,635 रुपए भी जब्त
उत्तर-पूर्वी जिले में जुए के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह अलग-अलग मामलों में 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीमों ने 262 ताश के पत्ते और 7,635 रुपए नकद बरामद किए हैं। सभी मामलों में संबंधित थानों में दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर-पूर्वी जिले में जुए के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह अलग-अलग मामलों में 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीमों ने 262 ताश के पत्ते और 7,635 रुपए नकद बरामद किए हैं। सभी मामलों में संबंधित थानों में दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

22 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे थाना सोनिया विहार के हेड कांस्टेबल मन्नू गश्त पर थे। इस दौरान चौहान पट्टी स्थित यमुना खादर के वन क्षेत्र में दो व्यक्ति ताश के पत्तों पर पैसे लगाकर जुआ खेलते मिले। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलराम (27) निवासी अम्बे एन्क्लेव, चौहान पट्टी और दीपक (32) निवासी नसीब विहार, लोनी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से 52 ताश के पत्ते और 650 रुपए नकद बरामद किए। इस संबंध में एफआईआर संख्या 257/26 दर्ज की गई है।

थाना नंद नगरी पुलिस को गश्त के दौरान नशा मुक्ति केंद्र के पास जुआ खेले जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर गठित पुलिस टीम ने शाम करीब 6:45 बजे छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान आशीष (25) और रितिक (22) निवासी नंद नगरी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर पुलिस ने एक पैकेट ताश के पत्ते और 1,280 रुपए नकद बरामद किए। दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। जांच में आशीष एक मारपीट के मामले तथा रितिक एक पूर्व जुआ मामले में शामिल पाया गया।

वेलकम थाना पुलिस ने ईस्ट बाबरपुर स्थित छठ पूजा पक्का तालाब के पास जुआ खेल रहे चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार (54), सोहिब (49), अरविंद गुप्ता (44) और मुकीम (39) के रूप में हुई। मौके से 55 ताश के पत्ते और 1,755 रुपए नकद बरामद हुए। इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई। जांच में अरविंद गुप्ता का एक पुराने झगड़े के मामले में नाम सामने आया।

वेलकम थाना पुलिस ने अशोक पार्क के पास शाम करीब 7:05 बजे कार्रवाई करते हुए राजू (40) और टीटू (41) को गिरफ्तार किया। दोनों पार्क में बैठकर ताश पर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से 51 ताश के पत्ते और 280 रुपए नकद बरामद किए। इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।

एक अन्य कार्रवाई में वेलकम थाना पुलिस ने कबीर नगर स्थित श्मशान घाट के पास जुआ खेल रहे दो व्यक्तियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आश मोहम्मद (41) और आरिफ (32) के रूप में हुई।

पुलिस ने मौके से 52 ताश के पत्ते और 1,730 रुपए नकद बरामद किए। दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

वेलकम थाना क्षेत्र के ईदगाह रोड स्थित जनता मजदूर कॉलोनी में पुलिस ने जुआ खेल रहे समूह पर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर कई लोग फरार हो गए, लेकिन टीम ने सलमान (26) और सब्बीर अहमद (70) को मौके से पकड़ लिया। मौके से 52 ताश के पत्ते और 1,940 रुपए नकद बरामद किए गए। इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार सभी छह मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गैंबलिंग एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story