कानपुर कार की छत पर हाथ फंसाकर युवक को डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा, मामला दर्ज
कानपुर, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने पहले बीरू सिंह भदौरिया (37) को कार से टक्कर मारी और फिर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उसे कार की छत पर लिटाकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक तेज रफ्तार में गाड़ी चलाई। इस दौरान युवक के दोनों हाथ कार की आगे की खिड़कियों के शीशों में फंसाकर लॉक कर दिए गए।
परिजनों के मुताबिक, बीरू सिंह भदौरिया एक फूड प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी में सेल्समैन थे। वह मेला देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मेवालाल कार लेकर पहुंचा। आरोप है कि कार में राजवीर समेत तीन अन्य युवक भी सवार थे। उन्होंने बीरू को रोककर उनके साथ मारपीट की। जब बीरू ने बचकर भागने की कोशिश की, तो उसे कार से टक्कर मार दी गई।
घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस और परिजनों को मामले की सूचना दी। घायल बीरू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों ने इसे हादसा मानने के बजाय हत्या का मामला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि पूरी घटना 12 से अधिक सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। इसको लेकर परिजनों ने हंगामा भी किया। उनका कहना है कि मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
एसीपी अभिषेक राहुल ने बताया कि 21 अक्टूबर को शिकायतकर्ता प्रदीप शुक्ला ने हनुमंत विहार थाने में एक लिखित शिकायत दी। इसमें उन्होंने बताया कि बीरू की मौत एक अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Oct 2026 8:15 AM IST












