कांशीराम जयंती पर मायावती ने दी श्रद्धांजलि, लोगों से बसपा के आंदोलन से जुड़ने का आह्वान

कांशीराम जयंती पर मायावती ने दी श्रद्धांजलि, लोगों से बसपा के आंदोलन से जुड़ने का आह्वान
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती ने पार्टी के संस्थापक कांशीराम की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने अपना पूरा जीवन बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की सोच और आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित किया।

लखनऊ, 15 मार्च (आईएएनएस)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती ने पार्टी के संस्थापक कांशीराम की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने अपना पूरा जीवन बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की सोच और आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित किया।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के जन्मदाता और संस्थापक कांशीराम को उनकी जयंती पर उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में उनके अनुयायियों की ओर से शत-शत नमन और श्रद्धांजलि अर्पित। कांशीराम ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की विचारधारा और आंदोलन को पूरे देश में जिंदा करके और उनके कारवां को आगे बढ़ाकर सत्ता की मंजिल तक पहुंचाने के मिशन के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करके लगातार संघर्ष किया।"

बसपा सुप्रीमो ने आगे लिखा, "उन्होंने जाति के आधार पर तोड़े और पछाड़े गए लोगों को 'बहुजन समाज' की एकता में जोड़ने के उस ऐतिहासिक योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने बसपा के 'सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति' आंदोलन को तन, मन और धन से मजबूत बनाने और पूरी जिद के साथ चुनावी सफलता हासिल करने के संकल्प को दोहराया।"

बसपा प्रमुख ने बहुजन समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे बसपा आंदोलन से जुड़कर मिशनरी और ईमानदार अंबेडकरवादी बनें व अपने वोट की ताकत से सत्ता की 'मास्टर चाबी' हासिल करें। उन्होंने कहा कि इससे बाबासाहेब की ओर से संविधान में बहुजनों के हित, कल्याण, उत्थान और आत्मसम्मान की सुरक्षा के लिए दिए गए अधिकारों को जमीन पर लागू किया जा सकेगा।

मायावती ने कहा कि ऐसा होने पर बहुजन समाज के लोग गुलामी और लाचारी से भरे जीवन से मुक्त होकर बेहतर और खुशहाल जीवन जी सकेंगे, जो कांशीराम का मिशन और उनका जीवन संदेश भी रहा है।

वहीं, भीम आमी पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर ने कांशीराम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। चंद्रशेखर ने लिखा, "कांशीराम साहब आपकी नेक कमाई, आपने सोती कौम जगाई।" उन्होंने आगे लिखा, "बहुजन नायक कांशीराम की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन और विनम्र आदरांजलि व आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के छठवें स्थापना दिवस की आप सभी को हार्दिक बधाई और मंगलकामनाएं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 March 2026 8:58 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story