पीएम मोदी 10 मई को कर्नाटक और तेलंगाना का करेंगे दौरा, लेंगे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा

पीएम मोदी 10 मई को कर्नाटक और तेलंगाना का करेंगे दौरा, लेंगे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 मई को कर्नाटक और तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 मई को कर्नाटक और तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि मैं 10 मई को कर्नाटक और तेलंगाना में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लूंगा।

उन्होंने कहा कि सुबह 11 बजे मैं 'आर्ट ऑफ लिविंग' की स्थापना की 45वीं वर्षगांठ के समारोह में शामिल होऊंगा। समाज सेवा के हमारे आदर्शों के अनुरूप वे विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। फिर हैदराबाद में लगभग 9500 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का उद्घाटन किया जाएगा या उनकी आधारशिला रखी जाएगी। इन कार्यों में सड़क, लॉजिस्टिक्स, कपड़ा, रेलवे, ऊर्जा और अन्य क्षेत्र शामिल हैं। इसके बाद मैं 'सिंधु अस्पताल' को राष्ट्र को समर्पित करने के कार्यक्रम में शामिल होऊंगा।

उन्होंने कहा कि शाम को, मैं शहर में भाजपा की एक रैली को संबोधित करूंगा। पहले बीआरएस के कुशासन और अब कांग्रेस के कुशासन से तंग आकर, तेलंगाना अब भाजपा की ओर देख रहा है। हमारा बढ़ता जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि हमारी पार्टी ही तेलंगाना की पहली पसंद है।

बता दें कि गुरुदेव श्रीश्री रवि शंकर द्वारा 1981 में स्थापित, आर्ट ऑफ लिविंग एक वैश्विक स्वयंसेवी और शैक्षणिक संगठन के रूप में विकसित हुआ है। यह संगठन 182 देशों में है। प्रधानमंत्री संगठन की 45वीं वर्षगांठ और गुरुदेव श्रीश्री रवि शंकर के 70वें जन्मदिन समारोह में भाग लेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में नवनिर्मित ध्यान मंदिर का भी उद्घाटन करेंगे। यह आंतरिक शांति और समग्र कल्याण के लिए एक समर्पित ध्यान कक्ष है। वे आर्ट ऑफ लिविंग की राष्ट्रव्यापी सेवा पहलों का भी शुभारंभ करेंगे, जिनमें मानसिक स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, प्रकृति का संरक्षण और सामाजिक परिवर्तन पर वर्ष भर चलने वाली परियोजनाएं शामिल हैं।

पीएम मोदी लगभग 9,400 करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं की नींव रखेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं का सामूहिक उद्देश्य संपर्क को मजबूत करना, रसद दक्षता में सुधार करना, सुरक्षा बढ़ाना और यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

प्रधानमंत्री हैदराबाद में स्थित सिंधु अस्पताल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह कैंसर के उपचार के लिए अत्याधुनिक मल्‍टी सुपर स्‍पेशलिटी गैर-लाभकारी संस्थान है। 2.1 मिलियन वर्ग फुट में फैले 18 मंजिला इस अस्पताल में 1,500 बिस्तर, 150 से अधिक डॉक्टर परामर्श कक्ष और 29 उन्नत ऑपरेशन थिएटर हैं। अस्पताल में कीमोथेरेपी, विकिरण चिकित्सा, कैंसर सर्जरी, अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण, उन्नत गहन देखभाल और 33 से अधिक विशेषज्ञताओं सहित व्यापक देखभाल प्रदान की जाती है। इसमें अत्याधुनिक निदान, आधुनिक प्रयोगशाला और रक्त केंद्र सुविधाएं हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 May 2026 8:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story