कर्नाटक के यादगीर में बस से टक्कर के बाद धधकी कार, 6 लोगों की मौत
यादगीर, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक के यादगीर जिले में शुक्रवार को एक कार और एक निजी बस की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में कार सवार छह लोगों की मौत हो गई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने दो अन्य लोगों को कार से निकालकर बचा लिया। ये दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से एक की हालत बहुत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुरपुर थाना क्षेत्र में सुरपुर तालुका के देवपुर के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार यादगीर से रायचूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसकी टक्कर बेंगलुरु से कलबुर्गी जा रही एक निजी बस से हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार और बस में तुरंत आग लग गई। कार में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। आग बुझाने और बचाव कार्य के लिए दमकल और आपातकालीन सेवाओं की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी।
इस बीच, सुरपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी इस घटना से जुड़ी और जानकारी सामने आनी बाकी है। अधिकारियों को अभी तक दुर्घटना के सही कारण का पता नहीं चल पाया है। मृतकों की पहचान भी अभी नहीं हो सकी है। टक्कर के बाद कार के साथ-साथ बस भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई।
इससे पहले, 25 दिसंबर 2025 को कर्नाटक के चित्रदुर्ग में हिरियूर के पास एक बड़ा हादसा हुआ था। बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही एक निजी स्लीपर बस की टक्कर एक ट्रक से हो गई, जिसके बाद बस में आग लग गई थी।
यह दुर्घटना नेशनल हाईवे 48 पर हुई थी। हादसे में बस के अंदर फंसे कम से कम 6 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 28 अन्य लोग घायल हो गए। मृतकों में बिंदु वी, उनकी बेटी ग्रेमा, मानसा, नव्या और रश्मि महाले शामिल थे। ये सभी बेंगलुरु से गोकर्ण जा रहे थे। इसके अलावा, ट्रक चालक की भी इस हादसे में मौत हो गई थी। बताया गया कि वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 April 2026 1:34 PM IST












