कर्नाटक में बड़ा हादसा राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान

कर्नाटक में बड़ा हादसा राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान
कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में एक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया।

नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में एक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा कि कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में एक दुर्घटना में लोगों की जान जाने की दुखद खबर बहुत ही व्यथित करने वाली है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई जान-माल की क्षति से मैं अत्यंत दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और साहस मिले, और लापता व्यक्तियों का सुरक्षित पता चल सके।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के कारवार जिले में हुई दुखद दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने उन लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कीं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है, और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन के लिए 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में घायल हुए लोगों को 50,000 रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कर्नाटक के कारवार जिले में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायल लोग शीघ्र से शीघ्र स्वस्थ हों।

कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया ने कहा कि यह जानकर दिल टूट गया कि उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल के पास टट्टेहकालू बीच पर सीपियां इकट्ठा करने गए एक ही परिवार के आठ सदस्य नदी में डूब गए और उनकी जान चली गई। मैं प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शाश्वत शांति मिले। यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद घटना है। राज्य सरकार मानवीय आधार पर इस त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को 5-5 लाख रुपए का मुआवजा देगी। यह भी जानकारी मिली है कि इस दुर्घटना में कुछ अन्य लोग भी लापता हैं, और उनकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। आइए हम सब ईश्वर से प्रार्थना करें कि लापता लोग सुरक्षित मिल जाएं और अपने परिवारों से फिर से मिल सकें।

उत्तर कन्नड़ के एसपी दीपन एमएन ने बताया कि आज सुबह करीब 10:30 बजे, 14 लोग सीपियों की तलाश में अलवेकोडी नदी में गए थे। इस घटना के दौरान, पानी के भारी बहाव के कारण जलस्तर अचानक बढ़ गया और आठ लोग बह गए। इनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन अन्य लोग अभी भी लापता हैं, और उनकी तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। तटीय सुरक्षा पुलिस नावों का इस्तेमाल करके यह अभियान चला रही है, जिसमें स्थानीय मछुआरों और स्थानीय समुदाय के सदस्यों की मदद ली जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 May 2026 9:28 PM IST

Tags

Next Story