कर्नाटक मंगलुरु में भारी बारिश के बीच मकान पर गिरा मलबा, दो बच्चियों समेत तीन की मौत
मंगलुरु, 1 जुलाई (आईएएनएस)। कर्नाटक के मंगलुरु में बारिश के बीच टाइल की छत वाला एक मकान ऊंचाई से गिरे मलबे में दब गया, जिससे तीन लोगों की जान चली गई। तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि वे खतरे से बाहर हैं।
बताया गया कि मंगलुरु के नागोरी में कंकनाडी पुलिस स्टेशन के पीछे यह घटना सुबह करीब 4.30 बजे हुई, जब ऊंचाई पर बने एक घर की कंपाउंड वॉल चार अलग-अलग इमारत पर गिर गई। टाइल वाली छत वाले एक घर का पिछला हिस्सा पूरी तरह से ढह गया। इससे मकान में रहने वाले लोग अंदर फंस गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
लगातार बचाव प्रयासों के बाद आपातकालीन कर्मियों ने एक पुरुष और दो लड़कियों को जीवित बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, मलबे के नीचे फंसी एक महिला और दो लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई। व्यापक बचाव अभियान के बाद उनके शव बरामद किए गए।
स्थानीय पुलिस और अग्निशमन व आपातकालीन सेवा कर्मियों के साथ-साथ, बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम को भी तैनात किया गया था। अधिकारियों ने बाद में पुष्टि की कि मलबे के नीचे फंसे सभी लोगों का पता लगाकर उन्हें बचा लिया गया या उनके शव बरामद कर लिए गए, और अभियान आधिकारिक तौर पर समाप्त कर दिया गया।
एक स्थानीय नागरिक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि सुबह लगभग 4.30 बजे का समय था और लोग घरों में सो रहे थे। अचानक से मैंने एक तेज आवाज सुनी। मैंने उठकर देखा तो बच्चे मलबे में दबे हुए थे। बाहर आकर देखा तो कोई नजर नहीं आया। सभी लोग अंदर मलबे में दबे थे।
उन्होंने बताया कि घटना के लगभग एक घंटे बाद एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची थी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया था। दो बच्चियों को बाहर निकाला, लेकिन अन्य दो बच्चियों की मौत हो गई। एक महिला की भी मौत हुई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 July 2026 10:04 AM IST












