कठिन मेहनत के बाद पेपर लीक से छात्रों का गुस्सा स्वाभाविक, पीएम मोदी करेंगे कार्रवाई दिलीप जायसवाल
पटना, 24 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल और श्रवण कुमार ने राज्य सरकार की योजनाओं, नीट परीक्षा विवाद, छात्र आंदोलन और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार का पक्ष रखा। इस दौरान खासमहल ज़मीनों को फ्रीहोल्ड बनाने की दिशा में सरकार की पहल की भी जानकारी दी गई।
बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि खासमहल सिटिजन सोसाइटी के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सचिवों ने भाग लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि पूरे बिहार में खासमहल जमीनों का विस्तृत डेटाबेस तैयार किया जाएगा। इसके आधार पर राज्य सरकार ऐसी जमीनों को फ्रीहोल्ड में बदलने के लिए नई नीति तैयार करेगी, जिससे लंबे समय से जुड़े भूमि संबंधी मामलों का समाधान हो सके।
नीट परीक्षा और छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर बोलते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि छात्रों का गुस्सा स्वाभाविक है, क्योंकि वे कठिन मेहनत के बाद परीक्षा देते हैं और पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनका भविष्य प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और ऐसे मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट स्थापित करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से सुन रही है।
एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल समाप्त करने पर प्रतिक्रिया देते हुए जायसवाल ने कहा कि सोनम वांगचुक एक अच्छे व्यक्ति हैं, लेकिन उनके आंदोलन का कुछ देश-विरोधी और विदेशी ताकतों ने गलत इस्तेमाल किया।
वहीं, सीजेपी के आंदोलन पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन अपने मूल उद्देश्य से भटक गया है और इसी कारण उसका आंदोलन कमजोर पड़ रहा है।
उधर, मंत्री श्रवण कुमार ने छात्र आंदोलन को राजनीतिक दलों से प्रेरित बताते हुए कहा कि यह वास्तविक छात्र आंदोलन नहीं है, बल्कि सत्ता से बाहर हुए दलों के निराश कार्यकर्ताओं की गतिविधि है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग समाज में अशांति फैलाने का प्रयास कर रहे हैं और उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश का स्वागत करते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि परीक्षा से जुड़े घिनौने अपराधों में शामिल लोगों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट और संगठित गिरोह के तहत कार्रवाई जैसे कदम सराहनीय हैं।
उन्होंने दोहराया कि सरकार भविष्य में भी ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखेगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बहुत हिंसा हुई है और इसके लिए विपक्ष जिम्मेदार है। हमारे छात्र, जो पढ़ने आते हैं, वे हिंसा में शामिल नहीं हो सकते। दिल्ली और पटना समेत देश भर से सबूत सामने आए हैं। विपक्ष इस मुद्दे पर चर्चा से क्यों बच रहा है? सरकार लोकसभा में बहस करने को तैयार है, लेकिन वे सदन और देश का समय बर्बाद कर रहे हैं। वे चर्चा से क्यों भाग रहे हैं?
एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल खत्म करने पर संजय सरावगी ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कल रात भूख हड़ताल खत्म करवाने में मदद की। प्रधानमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के तहत, पेपर लीक मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री ने साफ निर्देश दिए हैं कि पेपर लीक के लिए ज़िम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 July 2026 12:48 PM IST












