कौन हैं आईपीएल 2026 के बीच मुंबई इंडियंस से जुड़ने वाले कृष भगत?
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच मुंबई इंडियंस (एमआई) ने स्पिनर अथर्व अंकोलेकर के स्थान पर कृष भगत को अपने साथ जोड़ा है। घुटने में चोट के कारण अंकोलेकर को इस सीजन से बाहर बैठना पड़ा है। 21 वर्षीय कृष 30 लाख रुपए के बेस प्राइज पर टीम में शामिल हुए हैं।
6 नवंबर 2024 को जन्मे कृष दाएं हाथ के ऑलराउंडर हैं, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में पंजाब का प्रतिनिधित्व किया। दाएं हाथ तेज गेंदबाज कृष टीम में विविधता लाते हैं। इसके साथ ही निचले क्रम के बल्लेबाज के तौर पर उपयोगी पारी खेल सकते हैं।
कृष भगत ने पिछले 2 साल मुंबई इंडियंस के साथ ट्रायल दिया है। आईपीएल 2026 के प्री-सीजन से ही वह एमआई के खेमे में एक सपोर्ट बॉलर के तौर पर साथ रहे हैं। एमआई ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि उनकी टीम में भगत का चयन काम के प्रति उनकी लगन के कारण हुआ है, जिसे हमेशा उन्होंने ट्रेनिंग सेशन में दिखाया। कृष डीवाई पाटिल टी20 कप 2026 में रिलायंस टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
कृष भगत ने साल 2024 में फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया, जिसमें 7 मुकाबले खेलते हुए 10 पारियों में 18.12 की औसत के साथ 145 रन बनाने के अलावा, 7 विकेट हासिल किए। साल 2025 में उन्हें लिस्ट-ए में डेब्यू का मौका मिला, जिसमें 1 अर्धशतक लगाया। उत्तराखंड के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी के एक मैच में नंबर 8 पर बल्लेबाजी करते हुए 51 रन भी बनाए थे। इसके अलावा, उन्होंने 9 विकेट हासिल किए।
मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल की शुरुआत खराब रही है। इस सीजन एमआई शुरुआती 4 में से 1 ही मैच जीत सकी है। इस टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 6 विकेट से जीत के साथ अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स के हाथों 6 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। एमआई को उसके तीसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स के हाथों 27 रन से हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस टीम को 18 रन से शिकस्त दी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 April 2026 5:35 PM IST












