कवच-14.0 दिल्ली पुलिस 16 ड्रग तस्करों को किया गिरफ्तार, 32 किलो से अधिक गांजा बरामद
नई दिल्ली, 28 जून (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान ऑपरेशन कवच-14.0 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 एनडीपीएस मामले दर्ज किए हैं। इस अभियान में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 32.161 किलोग्राम गांजा, 89.77 ग्राम स्मैक, 9.8 ग्राम कोकीन और 6.62 ग्राम एमडीएमए समेत बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक ऑटो, एक स्कूटी, एक मोबाइल फोन और मादक पदार्थों की बिक्री से जुड संदिग्ध 1,450 रुपए भी जब्त किए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पश्चिमी जिला पुलिस ने 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (एएनएस), स्पेशल स्टाफ और विभिन्न थाना पुलिस की टीमों ने खुफिया सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी और निगरानी अभियान चलाया।
इस दौरान 13 एनडीपीएस मामले दर्ज किए गए और 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
ऑपरेशन के दौरान सबसे बड़ी कार्रवाई पंजाबी बाग थाना क्षेत्र में हुई। एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने एफआईआर के तहत चार आरोपियों—मिथुन कुमार, विक्रम कुमार, संजय यादव और मोहम्मद रिजवान—को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 23.160 किलोग्राम कमर्शियल मात्रा का गांजा बरामद किया गया।
राजौरी गार्डन थाना क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने राम कुमार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6.62 ग्राम एमडीएमए और एक ऑटो बरामद किया। वहीं स्पेशल स्टाफ ने राजौरी गार्डन में कार्रवाई करते हुए संडे नामक आरोपी को 9.8 ग्राम कोकीन और एक स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया।
ऑपरेशन के दौरान तिलक नगर, पंजाबी बाग, ख्याला और विकासपुरी थाना क्षेत्रों में स्मैक तस्करी के चार अलग-अलग मामलों का खुलासा हुआ। इन मामलों में कुल 89.77 ग्राम स्मैक बरामद की गई और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कमर्शियल मात्रा वाले मामले के अलावा पश्चिमी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गांजा तस्करी के कई अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ, जिनमें कई आरोपियों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें सीता पर 9, रविकांत उर्फ चिब्बी पर 18 और गुरमेल पर 30 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पश्चिमी जिला पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन कवच-14.0 के तहत नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सभी मामलों में आगे की जांच की जा रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की जा सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Jun 2026 10:02 AM IST












