केरल के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में शामिल नहीं होंगे शशि थरूर, जानें वजह
तिरुवनंतपुरम, 15 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर केरल के नए मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे। थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी।
कांग्रेस नेता ने एक्स पोस्ट में लिखा, "मुझे इस बात का अफसोस है कि मैं अपने केरल कांग्रेस के साथी और केरल के नए मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो पा रहा हूं। मैं इस सप्ताहांत बोस्टन में हूं, जहां मैं अपने पुराने शिक्षण संस्थान टफ्ट्स यूनिवर्सिटी के फ्लेचर स्कूल ऑफ लॉ एंड डिप्लोमेसी के दीक्षांत समारोह में मुख्य भाषण देने आया हूं। साथ ही अपनी स्नातक कक्षा की 50वीं वर्षगांठ के पुनर्मिलन समारोह में भी हिस्सा ले रहा हूं।
उन्होंने कहा, "यह अमेरिका में अतीत का जश्न मनाने का एक अवसर है, जबकि मैं साथ ही केरल के भविष्य की ओर भी देख रहा हूं।"
वीडी सतीशन सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में शपथ ग्रहण की तैयारियां चल रही हैं। वीडी सतीशन के साथ-साथ पूरे मंत्रिमंडल के भी शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट का नेतृत्व यहां मंत्रिमंडल की संरचना को अंतिम रूप देने के लिए बैठक कर रहा है, जिसमें प्रत्येक सहयोगी दल से मंत्रियों की संख्या पर विचार किया जाएगा।
शपथ ग्रहण समारोह में एक लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ कर्नाटक और तेलंगाना के मुख्यमंत्री भी हिस्सा लेंगे।
केरल में कांग्रेस के अगुवाई में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) को बहुमत मिला है। 140 सदस्यीय विधानसभा में यूडीएफ ने 102 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा पार किया। इसमें कांग्रेस ने अकेले 63 सीटों पर जीत हासिल की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 May 2026 9:16 PM IST












