केतन अग्रवाल हत्याकांड लोहगढ़ किले पर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया गया, जांच तेज
लोनावला, 1 जुलाई (आईएएनएस)। चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस हर एक एंगल से जांच कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने बुधवार को आरोपी को लोहगढ़ किले ले जाकर क्राइम सीन को रीक्रिएट कराया। इस प्रक्रिया का उद्देश्य घटना से जुड़े सभी तथ्यों का सत्यापन करना और जांच को आगे बढ़ाना है।
डीएसपी गजानन टोम्पे ने इस संबंध में आईएएनएस को बताया कि आज आरोपी को लोहगढ़ ले जाया गया, जहां घटना जिस प्रकार हुई थी, उसी क्रम में पूरे क्राइम सीन को दोबारा रीक्रिएट कराया गया। सुबह ही इस पूरी प्रक्रिया को पूरा किया गया और आरोपी ने घटनास्थल पर वही क्रम दिखाया, जैसा उसने जांच के दौरान बताया था। पुलिस ने उसी आधार पर क्राइम सीन को रीक्रिएट किया।
डीएसपी ने कहा कि अब जांच के दौरान जो भी आवश्यकता होगी, उसे न्यायालय के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद अदालत के निर्देशों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच की प्रगति के सवाल पर डीएसपी टोम्पे ने बताया कि अब तक जिन-जिन लोगों के इस मामले से जुड़े होने की जानकारी पुलिस को मिली है, उन सभी के संबंध में सावधानीपूर्वक जांच की जा रही है। आवश्यक व्यक्तियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं और आगे जांच में जो भी नए तथ्य या व्यक्ति सामने आएंगे, उन पर भी पूरी गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि इस पूरे मामले की जांच पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) के मार्गदर्शन में की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन जांच की समीक्षा की जाती है ताकि जांच सही दिशा में आगे बढ़े। फिलहाल पुलिस की जांच निर्धारित दिशा में जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
बता दें कि केतन अग्रवाल हत्याकांड में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके साथी चेतन चौधरी पर गंभीर आरोप लगे हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि दोनों ने मिलकर 18 जून को लोहगढ़ किले पर केतन को धक्का देकर नीचे गिराया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस की जांच के अनुसार, शुरुआत में सिया ने यह दावा किया था कि केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गया।
--आईएएनएल
पीएसके
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 July 2026 5:56 PM IST











