केवल सिंह ढिल्लों का केजरीवाल पर हमला, कहा- रामायण का ज्ञान नहीं और धर्म का पाठ पढ़ा रहे

केवल सिंह ढिल्लों का केजरीवाल पर हमला, कहा- रामायण का ज्ञान नहीं और धर्म का पाठ पढ़ा रहे
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने केजरीवाल के मंदिर दौरे और धार्मिक मुद्दों पर दिए जा रहे बयानों को लेकर सवाल खड़े किए और आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी चुनावी समय में धार्मिक भावनाओं का सहारा ले रही है।

चंडीगढ़, 8 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने केजरीवाल के मंदिर दौरे और धार्मिक मुद्दों पर दिए जा रहे बयानों को लेकर सवाल खड़े किए और आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी चुनावी समय में धार्मिक भावनाओं का सहारा ले रही है।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आज अरविंद केजरीवाल पंजाब आकर मंदिर और आस्था की बातें कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यह बताना चाहिए कि जब अयोध्या में श्री राम मंदिर का ऐतिहासिक प्राण-प्रतिष्ठा समारोह आयोजित हुआ था, तब वह कहां थे। उन्होंने कहा कि उस समय पूरा देश श्रद्धा और आस्था के साथ इस ऐतिहासिक अवसर में शामिल हुआ था, लेकिन केजरीवाल की भूमिका पर सवाल उठते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और उसके नेता धर्म के मुद्दों को केवल राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। ढिल्लों ने कहा कि अगर आस्था वास्तविक है तो उसका प्रदर्शन केवल चुनावों के समय नहीं होना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या मंदिर जाना और धार्मिक बातें करना सिर्फ वोट हासिल करने की रणनीति है।

भाजपा नेता ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जिसको रामायण की बुनियादी समझ नहीं, जिसने रावण के बारे में गलत बयान देकर अपना जुलूस निकलवाया, आज वह पंजाबियों को धर्म का पाठ पढ़ा रहा है?

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सनातन धर्म के कथित अपमान को लेकर सवाल उठाए, तो जवाब देने के बजाय केजरीवाल पूछ रहे हैं, "आप कौन?" ढिल्लों ने इसे अहंकार बताते हुए कहा, "इनको धर्म के बारे में पता ही नहीं।"

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में लंबे समय तक शासन किया, लेकिन मंदिरों और धार्मिक स्थलों के लिए क्या काम किए, इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में राजनीतिक नुकसान के बाद अब पंजाब में चुनावों को देखते हुए धार्मिक मुद्दों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

ढिल्लों ने कहा कि पंजाब गुरु-पीरों की धरती है और यहां के लोग समझदार हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में भाईचारा और सामाजिक सद्भाव हमेशा कायम रहेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 July 2026 1:19 PM IST

Tags

Next Story