खंडवा में बन रहा भव्य श्री धूनी वाले दादाजी धाम, मंदिर निर्माण के लिए मकराना से आएगा विशेष संगमरमर
खंडवा, 14 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के खंडवा में बनने वाले भव्य श्री धूनी वाले दादाजी धाम के निर्माण कार्य ने अब रफ्तार पकड़ ली है। इस परियोजना को देश के सबसे बड़े धार्मिक केंद्रों में से एक के रूप में विकसित करने की तैयारी चल रही है। मंदिर निर्माण के लिए उच्च गुणवत्ता वाले संगमरमर के चयन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
इसी कड़ी में जनप्रतिनिधियों, मंदिर निर्माण समिति के सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारियों सहित 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राजस्थान के मकराना पहुंचा। इस दौरे का उद्देश्य मंदिर निर्माण के लिए सर्वोत्तम गुणवत्ता वाले संगमरमर का चयन करना था।
खंडवा के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने आईएएनएस से जानकारी देते हुए बताया कि मकराना में करीब 15 संगमरमर विक्रेताओं (वेंडर्स) का निरीक्षण किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रत्येक विक्रेता के यहां जाकर संगमरमर की गुणवत्ता, कीमत और अन्य तकनीकी पहलुओं का गहन अध्ययन किया।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक चरण में 15 में से 7 विक्रेताओं का चयन किया गया है। इसके बाद इन 7 में से 3 अंतिम सप्लायर्स का चयन किया जाएगा। सांसद ने कहा कि केवल कीमत के आधार पर नहीं, बल्कि गुणवत्ता और निर्माण की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया जाएगा।
ज्ञानेश्वर पाटिल के अनुसार, चयनित विक्रेताओं में से 5 लोगों को 5 जुलाई तक मंदिर के पिलर बनाकर प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। जब ये नमूना पिलर तैयार होकर आएंगे, तब उनकी गुणवत्ता, डिजाइन और लागत का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद अंतिम दरों और अन्य शर्तों पर चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि प्रयास है कि गुरु पूर्णिमा से पहले सप्लायर्स के साथ दरों और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दे दिया जाए, ताकि मंदिर निर्माण कार्य को और गति मिल सके।
दादा दरबार मध्य प्रदेश के निमाड़ क्षेत्र के खंडवा में स्थित एक प्रसिद्ध हिंदू तीर्थ स्थल है। यह मंदिर दादाजी धूनीवाले की समाधि पर बना हुआ है। देश और विदेशों में दादाजी के लाखों श्रद्धालु हैं। दादाजी धूनीवाले के नाम पर भारत और विदेशों में कुल 27 धाम स्थापित हैं, जिनमें खंडवा का दादा दरबार सबसे प्रमुख माना जाता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Jun 2026 8:32 PM IST












