मध्य प्रदेश खंडवा में विवाह को लेकर विवाद, युवक ने युवती के अपहरण और मारपीट का लगाया आरोप

मध्य प्रदेश  खंडवा में विवाह को लेकर विवाद, युवक ने युवती के अपहरण और मारपीट का लगाया आरोप
मध्य प्रदेश के खंडवा में एक हिंदू युवक से शादी करने के बाद मुस्लिम युवती को उसके परिजनों द्वारा जबरन अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवक ने कोतवाली थाने में शिकायत देकर मारपीट और पत्नी के अपहरण का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खंडवा, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के खंडवा में एक हिंदू युवक से शादी करने के बाद मुस्लिम युवती को उसके परिजनों द्वारा जबरन अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवक ने कोतवाली थाने में शिकायत देकर मारपीट और पत्नी के अपहरण का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, युवक और युवती दोनों खंडवा जिले के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले कई दिनों से इंदौर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। मंगलवार दोपहर दोनों ने खंडवा के महादेवगढ़ मंदिर में शादी की। इसके बाद वे मालीकुआं क्षेत्र में स्थित एक नोटरी कार्यालय में विवाह से संबंधित वैधानिक दस्तावेज तैयार कराने पहुंचे थे।

इसी दौरान युवती के परिवार के करीब 8 से 10 लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने युवती को पकड़कर जबरन कार में बैठाया और अपने साथ ले गए। घटना के दौरान युवक के साथ मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।

घटना के बाद युवक कोतवाली थाने पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। उसने पुलिस को लिव-इन रिलेशनशिप में रहने और शादी से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं। युवक ने अपनी और पत्नी की सुरक्षा की मांग करते हुए युवती को वापस लाने की गुहार लगाई है। मंदिर में शादी के दौरान मौजूद संरक्षक अशोक पालीवाल भी युवक के साथ थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

मामले में डीएसपी (मुख्यालय) दुर्गेश आर्मो ने बताया कि घटना से संबंधित एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लोग युवती को अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं। इस संबंध में कोतवाली थाने में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसकी जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि युवती की तलाश की जा रही है और उसके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। युवती के मिलने के बाद न्यायालय के समक्ष उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। उसके बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। युवती के बयान सामने आने के बाद ही घटना की परिस्थितियों और शिकायत में लगाए गए आरोपों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story