खेल के मैदान पर वायुसेना प्रमुख एपी सिंह ने दिखाया फुटबॉल के प्रति उत्साह
नई दिल्ली, 25 सितंबर (आईएएनएस)। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह खेल के मैदान पर नजर आए। उन्होंने यहां खिलाड़ियों के बीच फुटबॉल के प्रति अपना जोश दिखाया और फुटबॉल खेलते नजर आए। इस दौरान पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मौजूद रहे।
दरअसल, यह मौका 65वें सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन का था। डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेडियम में समापन समारोह में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने फुटबॉल के प्रति अपना उत्साह भी दिखाया और मैदान पर खिलाड़ियों के साथ कुछ समय बिताया।
एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, सुब्रतो मुखर्जी स्पोर्ट्स एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष हैं। उन्होंने खेल के मैदान पर विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। फाइनल मुकाबले के विशिष्ट अतिथि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सदस्य सुरेश रैना रहे। पुरस्कार वितरण समारोह में वायुसेना प्रमुख ने टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों, स्कूलों, टीमों और प्रायोजकों के योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर खेलों को प्रोत्साहित करना जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों से भागीदारी और खेल भावना को सबसे अधिक महत्व देने की बात कही। साथ ही उन्होंने फाइनल मुकाबले को रोमांचक और कड़े संघर्ष वाला बताया। इसके बाद उन्होंने 65वें सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 के समापन की घोषणा की।
जूनियर बालक अंडर-17 वर्ग का फाइनल मिनर्वा पब्लिक स्कूल, मोहाली और केरल की एमआईसी ईएमएचएसएस के बीच खेला गया। मुकाबले में मोहाली की टीम ने 3-2 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। मिनर्वा पब्लिक स्कूल ने मुकाबले की शुरुआत में ही बढ़त बना ली। विजेता टीम को पांच लाख रुपये और उपविजेता टीम को तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई है।
भारतीय वायुसेना के मुताबिक, सुब्रतो कप के इस वर्ग में कुल 83 मुकाबले खेले गए। ये मैच दिल्ली के पांच मैदानों में हुए। इनमें डॉ. आंबेडकर स्टेडियम, तेजस फुटबॉल ग्राउंड, पिंटो पार्क फुटबॉल ग्राउंड, सुब्रतो फुटबॉल ग्राउंड और राजोकरी फुटबॉल ग्राउंड शामिल हैं।
जूनियर बालिका अंडर-17 वर्ग में झारखंड के सेंट पैट्रिक हाई स्कूल, गुमला ने खिताब जीता। उसने फाइनल में आइजोल के स्प्रिंगफील्ड हायर सेकेंडरी स्कूल, एनसीसी को हराया। वहीं, सब-जूनियर बालक अंडर-15 वर्ग का खिताब पश्चिम बंगाल के माणिकपाड़ा विवेकानंद विद्यापीठ, झारग्राम ने जीता। फाइनल में उसने असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन सीनियर सेकेंडरी स्कूल को हराया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Sept 2026 11:51 AM IST












